बलिया को मिली बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस, सांसद वीरेंद्र सिंह ने किया श्रीगणेश

0
Virendra Singh

बलिया वालो सहित सभी यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आयी है। जहां यात्रियों की सुविधा हेतु रेल प्रशासन द्वारा गाड़ी संख्या 12581/12582 बनारस-नई दिल्ली -बनारस (द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस) का बलिया रेलवे स्टेशन तक यात्रा विस्तार किया गया है। इस अवसर पर बलिया स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय सांसद वीरेन्द्र सिंह द्वारा 30 जनवरी, 2024 को गाड़ी संo 12581 नई दिल्ली -बनारस (द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस) से यात्रा आरम्भ कर इस ट्रेन के बलिया रेलवे स्टेशन तक विस्तार का औपचारिक शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर आयोजित उदघाटन समारोह में माननीय सांसद वीरेन्द्र सिंह ने अपने सम्बोधन में बनारस-नई दिल्ली -बनारस द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस को बलिया जिले मुख्यालय बलिया स्टेशन पर यात्रा विस्तार देने के लिए रेल मंत्री एवं रेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा की भारतीय रेल यातायात का सबसे सुलभ एवं किफायती साधन है जो सस्ता होने के कारण आम जनता के लिये बहुत उपयोगी है।

उन्होंने आगे बताया की बलिया क्षेत्र के निवासी लगातार बलिया से नई दिल्ली के लिए अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेन की मांग कर रहे थे। इसी तरह जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैंने केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को कई बार पत्र लिखकर बनारस-नई दिल्ली -बनारस एक्सप्रेस को बलिया रेलवे स्टेशन तक यात्रा विस्तार करने का प्रस्ताव रखा और यात्रियों की माँग एवं मेरे लगातार अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री जनता की सुविधा हेतु बनारस-नई दिल्ली -बनारस एक्सप्रेस को बलिया रेलवे स्टेशन तक यात्रा विस्तार मिल गया है।

उन्होंने कहा कि इससे बलिया जिले के यात्रियों विशेष कर व्यापारियों, कामगारों, किसानों एवं उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को बहुत लाभ होगा।इसके अतिरिक्त उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी से अनुरोध किया कि बलिया रेलवे स्टेशन से महानगरों से जोड़ने वाली ट्रेनों में एक बोगी किसान के लिए मोटे आनाज के निर्यात के लिए अवश्य लगाए।

उन्होंने क्षेत्रीय जनता को नसीहत देते हुए कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि जिस प्रकार रेलवे हमे अपनी समर्पित सेवाएं प्रदान करता है हम भी उसके राजस्व अर्जन का पूरा ध्यान रखें और अपना उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। बता दे कि अब से बलिया रेलवे स्टेशन पर गाड़ी सं 12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस 30 जनवरी, 2024 से सप्ताह में दो दिन मंगलवार एवं बुधवार को विस्तारित मार्ग बलिया से 19.30 बजे प्रस्थान कर कई स्टेशनो पर रुकते हुए नई दिल्ली 09.45 बजे पहुंचेगी।

वही वापसी यात्रा में 12582 नई दिल्ली-बलिया एक्सप्रेस 30 जनवरी, 2024 से सप्ताह में दो दिन मंगलवार एवं सोमवार को नई दिल्ली से 22.50 बजे प्रस्थान कर पूर्ववत ठहराव वाले स्टेशनों पर रूकते हुये बलिया 13.35 बजे पहुंचेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here