केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने खुद को ‘स्पाइडर’ कहते हुए कहा कि उन्होंने गुना के लिए काफी काम किया है और सड़कों का एक विशाल नेटवर्क बनाया है। बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने गुना के शिवपुरी में रावत समुदाय की एक सभा को संबोधित करते हुए ये बात कही। ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने लोगों से यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों की तुलना में बीजेपी को हर बूथ पर 370 वोट अतिरिक्त मिले ताकि नरेंद्र मोदी तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधान मंत्री चुने जाएं।
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘अबकी बार 400 पार’ का नारा दिया है। उनके नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटा दिया गया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (जनसंघ के संस्थापक) ने अनुच्छेद 370 को हटाने के लिए अपने जीवन का बलिदान कर दिया था।’
ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने कहा, ‘नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए हमें (लोकसभा चुनाव में) प्रत्येक मतदान केंद्र पर पिछली बार के मुकाबले भाजपा के वोट में 370 की बढ़ोतरी करने पर काम करना होगा।’
ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने आगे कहा कि, ‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, जिनमें 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य पहल शामिल है।’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, ‘अयोध्या में भव्य मंदिर के निर्माण के कारण भगवान राम ने 500 साल बाद होली मनाई। देश की जनता चार जून (मतगणना तिथि) को फिर से रंगों का त्योहार मनाएगी।’ सिंधिया ने कहा कि उन्होंने गुना में सड़कों का विशाल नेटवर्क बनाने सहित कई विकास कार्य किये हैं। गुना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सात मई को मतदान होगा।














