पाकिस्तानी महिला सीमा और उसके प्रेमी को पुलिस ने किया अरेस्ट

कोरोना काल में सचिन और सीमा दोनों पबजी गेम खेलकर समय बिताते थे। इसी दौरान उनका परिचय हुआ।

0

पाकिस्तानी (Pakistani) महिला सीमा को ऑनलाइन गेम पबजी खेलते हुए ग्रेटर नोएडा के रहने वाले सचिन से प्रेम हो गया। दोनों की तीन साल तक आपस में बातचीत हुई। फिर मई में वह अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए नेपाल के रास्ते इण्डिया आ गई। सीमा अपने चार बच्चों को भी साथ लाई है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को पकड़ लिया है। इस बीच दोनों ने सरकार से शादी करा देने की मांग की है। दोनों का कहना है कि वो एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते।

दोनों प्रेमियों को पुलिस ने किया अरेस्ट

कोरोना काल में सचिन और सीमा दोनों पबजी गेम खेलकर समय बिताते थे। इसी दौरान उनका परिचय हुआ। पबजी गेम पार्टनर संग जिंदगी बिताने के लिए पाकिस्तान की 27 वर्षीय सीमा चार बच्चों संग दो देशों की सिमा ही नहीं, सारे बंधन तोड़ कर अपने प्रेमी के पास पहुंच गयी लेकिन सीमा गुलाम हैदर और उसके भारतीय प्रेमी सचिन को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। सीमा पर बिना वीजा के अवैध तरीके से भारत आकर 50 दिन तक रहने और सचिन पर पाकिस्तानी महिला को शरण देने व अवैध रूप से भारत लाने की साजिश के आरोप में कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारी सीमा के चारों बच्चों को न्यायालय पेश करने की बात कर रहे हैं।

प्रेमी से मिलने के लिए बेचा बारह लाख का प्लॉट

सीमा गुलाम हैदर ने पुलिस को बताया कि जब मैंने सचिन के साथ रहने का फैसला लिया, तो बच्चों का वीजा-पासपोर्ट बनवाने के पैसे नहीं थे लेकिन भारत आना था। इसलिए कराची में ही अपना एक प्लॉट 12 लाख रुपये में बेच दिया। इन पैसों से अपना और चारों बच्चों का वीजा-पासपोर्ट बनवाया। इसके बाद एक ट्रैवल एजेंसी से संपर्क किया। एजेंट ने नेपाल के 5 टिकट अरेंज कराए। इसके जरिए मैं बच्चों को लेकर नेपाल पहुंची। व्हाट्सऐप और वीडियो कॉल के जरिए सचिन ने रास्ता समझाया और मैं उसके पास पहुंच गई, फिर हम किराये के कमरे में साथ रहने लगे।

सचिन ने सीमा को लेकर कही ये बात

वहीं, आज जब पहली बार सचिन मीडिया के सामने आया, तो उसने भी सीमा के लिए अपना प्यार कबूल किया। जब सचिन से पूछा गया कि क्या तुम अब भी सीमा से प्यार करते हो, तो उसने कहा, “हम आपस में बहुत प्यार करते हैं। मैं सरकार से मांग कर रहा हूं कि हमारी शादी करा दी जाए। हमारा घर बस जाए।” वही जब सचिन से पूछा गया कि सीमा के बच्चों का क्या होगा? इस पर उसने कहा, ‘मैं उसको भी रखूंगा और उसके बच्चों को भी रख लूंगा।

सीमा अपने प्रेमी सचिन के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी

बता दे कि 2 जुलाई को पाकिस्तान के कराची निवासी सीमा गुलाम हैदर के रबूपुरा में अवैध रूप से रहने का खुलासा हुआ था। जहाँ सीमा अपने प्रेमी सचिन के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी। सचिन परचून की दुकान में 10 हजार रुपये की नौकरी करता है। रबुपूरा के अंबेडकरनगर में उसने ढाई हजार रुपये में एक वन रूम सेट लिया था।

पुलिस को खबर होने के बाद सीमा बच्चों संग फरार हो गई

वही मकान मालिक और आसपास के लोगों को सीमा की बोलचाल और बर्ताव से कुछ शक हुआ था, लेकिन पूछने पर सचिन ने कह दिया था कि कश्मीर की तरफ से रहने वाली है। इसलिए बोलचाल अलग है। हालांकि, एक पड़ोसी के पुलिस को खबर देने के बाद सीमा बच्चों संग फरार हो गई। पीछे – पीछे सचिन भी भाग गया, दोनों बच्चों के साथ टैक्सी से जेवर और फिर बस से पलवल होते हुए बल्लभगढ़ पहुंच गए। जहाँ से पुलिस ने उन्हे गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी ने कही ये बात

डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान ने कहा, “सीमा हैदर के संबंध में जानकारी जुटाने में जुटी एजेंसी और पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। बताया गया है कि सीमा और सचिन की ऑनलाइन पहचान वर्ष 2020 में हुई थी। अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here