Sunday, February 27, 2022
Homeराज्यउत्तर प्रदेशप्रयागराज प्रियंका गाँधी ने सड़कों पर दिखाई ताकत, 15 स्थानों पर लोगों...

प्रयागराज प्रियंका गाँधी ने सड़कों पर दिखाई ताकत, 15 स्थानों पर लोगों को दिया ऑटोग्राफ

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 , प्रयागराज (Prayagraj) चुनाव प्रचार के आखरी दिन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कर्नलगंज और कटरा की सड़कों पर रोड शो कर ताकत दिखाई। उत्साह से लबरेज कांग्रेसियों ने लोकप्रिय नेता को अपने बीच पाकर जमकर नारे लगाए। इस दौरान प्रियंका लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए वंदन करती चलीं। सुबह 10:43 बजे प्रियंका गांधी एयरपोर्ट से स्वराज भवन पहुंचीं। उनके आने से पहले ही मीडिया वाहन और उनका वाहन खड़ा था।

जैसे ही कांग्रेस महासचिव की फ्लीट मौके पर पहुंची तो स्वराज भवन के सामने जुटे कांग्रेस व एनएसयूआई कार्यकर्ता उनकी ओर दौड़ पड़े। प्रियंका ने खड़े होकर सभी का अभिवादन स्वीकारा और वाहन पर सवार हो गईं। उनके साथ इलाहाबाद उत्तरी के प्रत्याशी अनुग्रह नारायण सिंह थे। आगे ढोल नगाड़े बजे तो सामने फोटो खींचने वालों की कतार रही। वाहन के दोनों ओर युवाओं की भीड़ लगातार रही।

हालांकि सुरक्षाकर्मी लोगों को रोकते दिखे, लेकिन प्रियंका ने किसी को नाराज नहीं किया। छतों से फेंके फूल उठाकर माथे लगातीं तो दी गई माला पहन कर प्रशंसकों की ओर इशारा करती रहीं। काफिला कर्नलगंज थाने से कर्नलगंज चौराहे की ओर बढ़ा तो प्रियंका ने वाहन से ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ लिखा रिस्ट बैंड फेंका। जहां युवतियां दिखाई दीं, वहां कई बार इस पिंक बैंड को उछाला। जिसे युवतियों ने न सिर्फ लिया बल्की पहना भी।

कर्नलगंज चौराहे से प्रियंका का काफिला जैसे ही नेतराम चौराहे की ओर बढ़ा एक छोटी बच्ची अपने पिता के कांधे पर बैठकर जा रही थी। प्रियंका ने उसे पास बुलाया और अपने हाथों से बच्ची को बैंड पहनाया। आगे बढ़ते ही प्रशंसकों ने उन्हें डायरी दी तो उस पर ऑटोग्राफ भी दिया। छतों से लोग प्रियंका की एक झलक पाने के लिए झांकते रहे तो पूरे रास्ते प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगते रहे। प्रियंका छतों पर खड़े प्रशंसकों का भी हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार करती रहीं। नेतराम चौराहे पर प्रशंसकों ने फूलों से रंगोली बनाई थी। इस दौरान किशोर वार्ष्णेय, रघुनाथ द्विवेदी, कोरांव से सतीश कुमार समेत कई पुरनिये कांग्रेसी मौजूद रहे।

प्रियंका गांधी का रोड शो स्वराज भवन से लक्ष्मी टॉकीज चौराहे तक प्रस्तावित था, लेकिन नेतराम चौराहा करीब आते ही उन्होंने वाहन पर साथ चल रहे प्रत्याशी अनुग्रह नारायण सिंह से कुछ कहा और मनमोहन पार्क की ओर इशारा किया। वाहन नेतराम चौराहे पर रुका और प्रियंका उतरकर अपने वाहन से एयरपोर्ट की ओर बढ़ गईं। जबकि उसी वाहन में सवार प्रत्याशी अनुग्रह नारायण सिंह लक्ष्मी टॉकीज चौराहे की ओर चले गए।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों ने प्रियंका गांधी को यूनिवर्सिटी रोड चौराहे पर ज्ञापन दिया। इसमें छात्रों ने परीक्षाएं ऑनलाइन कराने की मांग रखी। एक बार कागज प्रिंयका के हाथ से फिसल गया तो उन्होंने वाहन रोकर इसे दोबारा देने के लिए कहा। जब छात्रों का कागज उनके पास पहुंचा तो प्रियंका ने उसे अपने बैग में डाल लिया।

प्रियंका गांधी ने रोड शो के दौरान किसी को भी नाराज नहीं किया। उन्होंने 15 स्थानों पर लोगों को ऑटोग्राफ दिए। वाहन पर सवार सुरक्षाकर्मी जब लोगों को रोकते तो प्रशंसक प्रियंका को हाथ दिखाकर बुलाते और डायरी पेन दिखाते। इस पर प्रियंका वाहन रोककर डायरी मंगातीं और ऑटोग्राफ देती रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments