फिल्म टाइटेनिक दुनियाभर में लोकप्रिय है। वहीं इस फिल्म में जैक की भूमिका निभाने वाले अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो फैंस के दिलों पर राज करते हैं लेकिन हाल ही में उनके भारतीय मूल की मॉडल नीलम गिल को डेट करने की चर्चा जोरों पर है। दरअसल, पेज सिक्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 28 वर्षीय मॉडल को लंदन के चिल्टन फायरहाउस में 48 वर्षीय एक्टर के साथ देखा गया। इसके बाद दोनों की डेटिंग की अफवाह उड़ रही है। वहीं लोग नीलम गिल के बारे में जानने के लिए बेताब होने लगे है।
कई सालों से मॉडलिंग इंडस्ट्री में नीलम गिल का आज जाना-पहचाना नाम हैं। खुद को ब्रिटिश-पंजाबी मॉडल बताने वाली नीलम गिल 14 साल की उम्र से मॉडलिंग कर रही हैं। करीब एक दशक पहले नीलम गिल ने बरबेरी कैंपेन में पहली इंडियन मॉडल बनकर इतिहास रच दिया था।
इसके अलावा नीलम गिल ने टीन वोग से एक इंटरव्यू में कहा, “मैं एक ऐसी कंपनी के लिए काम करने को लेकर बेहद खुश हूं, जो विविधता को गले लगाती है। खासकर इसलिए क्योंकि बरबेरी एक ब्रिटिश ब्रांड है, जो एहसास दिलाता है कि ब्रिटिश होने का मतलब केवल सफेद होना नहीं है।”
इसी के बाद वह अमेरिकी लाइफस्टाइल रिटेलर एबरक्रॉम्बी एंड फिच का भी चेहरा बन गईं। वहीं भारतीय मूल की मॉडल नीलम गिल को नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर के उद्घाटन के मौके पर भी देखा गया था। इतना ही नहीं उन्होंने इंस्टा पर अपने इन पलों को भी साझा किया था।














