यूपी: निर्माणाधीन छत के गिरने से दो मजदूरों की मौत, नौ घायल

पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने मामले की जानकारी देते हुए शनिवार को बताया कि घटना शुक्रवार रात की है।

0

यूपी के बहराइच-सीतापुर मार्ग पर स्थित एक रिजॉर्ट में निर्माणाधीन छत ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई व नौ श्रमिक घायल हो गये। वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी। मौके पर पहुचें सुरक्षा बलों और अन्य बचाव दलों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इस मलबे में कुल 11 लोग दबे हुए थे। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि अन्य 9 लोग घायल अवस्था में हैं। इन सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने मामले की जानकारी देते हुए शनिवार को बताया कि घटना शुक्रवार रात की है। वहीं इस हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन व पुलिस ने नगर पालिका के कर्मियों तथा स्थानीय नागरिकों की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए अभियान शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि देर रात पहुंची राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने भी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में सहयोग किया। एसपी ने बताया कि मलबे से निकाले गये कुल 11 मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला के मुताबिक, रिसिया थाना क्षेत्र के शहनवाजपुर गांव के रहने वाले सलीम (29) और जोगेंद्र (24) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इनके अलावा बचे हुए सभी 9 घायल श्रमिकों का मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। एसपी ने आगे बताया कि मृतक जोगेंद्र के पिता राम प्यारे पाल की तहरीर पर कोतवाली देहात में रिजॉर्ट मालिक, ठेकेदार व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here