राजस्थान में कौन बनेगा सीएम, इस सस्पेंस के बीच दिल्ली पहुंचीं वसुंधरा राजे

बुधवार रात को वसुंधरा राजे जयपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुईं।

0

राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए हलचल तेज हो गई है। राजस्थान का मुख्यमंत्री कौन बनेगा, अब तक इस पर सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच पार्टी की सीनियर नेता और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे बुधवार रात दिल्ली पहुंचीं। बुधवार रात को वह जयपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। वसुंधरा राजे कैंप के सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली में वह आलाकमान से मुलाकात करेंगी।

दरअसल, भारतीय जानता पार्टी के 60 नवनिर्वाचित सांसदों ने सोमवार और मंगलवार को वसुंधरा राजे से उनके जयपुर स्थित सिविल लाइंस आवास पर पहुंचकर मुलाकात की थी। इसे वसुंधरा राजे के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। बीजेपी के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री का नाम संसदीय बोर्ड तय करेगा।

मुख्यमंत्री के नाम को तय करने से पहले पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी। हालांकि, विधायक दल की बैठक को लेकर पार्टी ने अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। दो बार राजस्थान की मुख्यमंत्री रह चुकीं वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। रविवार को घोषित हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को 115 सीटों का जनादेश मिला, जबकि कांग्रेस 69 सीटों पर ही सिमिट गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here