उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के निकाय चुनावों में प्रचार की शुरुआत करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने यहां विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि, पिछली सरकारों ने प्रदेश को माफिआयों और अपराधियों के भरोसे छोड़ दिया था। उनके लिए प्रदेश की जनता नहीं बल्कि अपराधी प्राथमिकता हुआ करते थे, लेकिन अब समय बदल चुका है।
पहले प्रदेश में गुंडा टैक्स वसूला जाता था: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, उस समय जो गर्मी दिखाया करते थे, उनकी अब सारी गर्मी निकल गई होगी। पहले प्रदेश में गुंडा टैक्स वसूला जाता था अब गुंडा टैक्स वसूलने वाले कहां चले गए, कोई पता ही नहीं। अब उनके लिए कोई दो बूंद आंसू बहाने वाला नहीं। उन्होंने कहा कि, पहले कैराना में व्यापार करना बेहद ही मुश्किल होता था, लेकिन अब देखकर खुशी होती है कि कैराना में व्यापारी वर्ग वापस आ गया है और आजादी से अपना काम कर रहा है।
2017 से पहले सरकारों को दंगा कराने से फुर्सत नहीं मिलती थी: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि, पहले उत्तर प्रदेश को दंगो का प्रदेश कहा जाता था, लेकिन अब यूपी में नो कर्फ्यू-नो दंगा, यूपी में सब ओर चंगा, यूपी में न रंगदारी और न फिरौती-यूपी अब नहीं है किसी की बपौती। उत्तर प्रदेश में विकास का काम हो रहा है। माफिया और आतंक के लिए जगह नहीं है। आज घर में काष्ठ कला देखने को मिलती है। 2017 से पहले सरकारों को दंगा कराने से फुर्सत नहीं मिलती थी। सिख भाइयों पर हमला करवाया गया था। कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। आज प्रदेश विकास कर रहा है और यूपी की विकास यात्रा हर किसी को पता है।




