जी20 ​में हिस्सा लेने के लिए आए कनाडा के पीएम को दो दिनों तक रुकना पड़ा भारत

विमान में तकनीकी खराबी आ जाने की वजह से वे भारत में ही रुके रहे और यहीं से कनाडा के नीतिगत फैसले लिए।

0

G20 ​Summit में हिस्सा लेने के लिए भारत आए कनाडा के प्रधानमंत्री को दो दिनों तक भारत में ही रुकना पड़ा। उनके विमान में तकनीकी खराबी आ जाने की वजह से वे भारत में ही रुके रहे और यहीं से कनाडा के नीतिगत फैसले लिए। आज मंगलवार को वे अपने देश के लिए रवाना हो चुके हैं। इस बात की जानकारी कनाडा पीएमओ की ओर से समाचार एजेंसी एएनआई को दी गई है।

दरअसल, नई दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें शामिल होने के लिए ट्रूडो भारत आए थे। दो दिवसीय बैठक में शामिल होने के बाद उन्हें रविवार को ही भारत से रवाना होना था, लेकिन उनके विमान में अचानक कुछ तकनीकी खराबी आ गई। जिसके कारण उन्हें थोड़े और समय के लिए दिल्ली में ही रुकना पड़ा था।

इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और उनके प्रतिनिधिमंडल के मंगलवार दोपहर को प्रस्थान करने की उम्मीद है क्योंकि उनके विमान में जो तकनीकी समस्या आई थी, वो हल हो गई है। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रेस सचिव मोहम्मद हुसैन ने एएनआई को इस बात की पुष्टि की। ‘विमान के साथ तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया गया है। विमान को उड़ान भरने की मंजूरी दे दी गई।’

जी20 शिखर सम्मेलन के लिए शुक्रवार को भारत पहुंचे कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो को उनके विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद नई दिल्ली में ही रुकना पड़ा था, जबकि अन्य सारे राष्ट्राध्यक्ष जी20 समिट के बाद चले गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here