ED को डोटासरा की चुनौती, पेपर लीक में कुछ मिले तो नाम बदल देना

गोविंद सिंह डोटासरा के घर पर ईडी ने करीब 12 घंटे छानबीन की।

0
Rajasthan

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और महुवा विधायक ओम प्रकाश हुडला के घर पर गुरुवार सुबह शुरू हुई ईडी की छापेमारी देर शाम तक चली। इसके बाद डोटासरा अपने समर्थकों के बीच आए। वहीं हुडला एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वे अपने परिवार के लोगों से गले लगकर रोते नजर आए। गोविंद सिंह डोटासरा के घर पर ईडी ने करीब बारह घंटे तक तलाशी ली। इस बीच, गोविंद सिंह डोटासरा ने भी अपने घर के सामने इकट्ठे हुए समर्थकों से धैर्य बनाए रखने और शांति बनाए रखने की अपील की। इधर कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी देर शाम डोटासरा से मिलने उनके घर पहुंचे।

डोटासरा ने सबसे पहले कांग्रेस आलाकमान, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। डोटासरा ने ईडी की रेड के बाद कहा कि मुझसे जो भी पूछताछ हुई उसका मुझे कोई गिला शिकवा नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे ईडी के बारे में कोई बात नहीं करनी।

डोटासरा ने बीजेपी की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये लोग लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। पार्टी और नेताओं की इमेज पर डेंट कर चुनाव लड़ना चाहते हैं डोटासरा ने कहा कि अगर पेपर लीक में या किसी भ्रष्टाचार में एक सुई की नोंक जितना कुछ मिल जाए तो मेरा नाम बदल देना। हम डरने वाले नहीं है, पार्टी हमारी मां है। हम सरकार के कामकाज को गांव-गांव ले जाने के लिए जितने प्रयास किए उससे दोगुने प्रयास अब करेंगे। ईडी की यह कार्रवाई गलत है।

डोटासरा ने अपने सामने चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी सुभाष महरिया और तारानगर से प्रत्याशी राजेंद्र राठौड़ को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा में साहस है तो मेरे पूरे परिवार की और उन दोनों के पूरे परिवार की संपत्ति की जांच हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here