बेटियों के पैदा होते ही हमारे समाज में माता -पिता को दुनिया भर की चिंताए हो जाती। जहाँ उनकी शादी से लेकर हर चीज़ो की चिंता माता -पिता को होने लगती है। हालाँकि, पिछले कुछ वर्षो में इस सोच में काफी हद तक चेंजमेंट देखने को मिला है। वही अब बेटियां भी हर क्षेत्र में अपने मां-बाप का नाम रोशन कर रही हैं, लेकिन फिर भी ज़्यादातर परिवारों में बेटियों की पढ़ाई-लिखाई, पालन-पोषण से लेकर उनकी शादी तक की चिंता में माता-पिता को सताती रहती है।
जाहिर सी बात है हर माता -पिता अपने बच्चो के भविष्य की चिंता करते है। अब उनकी इसी चिंता को देखते हुए अभिभावकों के लिए केंद्र सरकार की एक योजना कई साल से चल रही है, जिसकी सहायता से कुछ साल तक लगातार बचत करने पर 21 साल की होते ही आप अपनी बेटी को लगभग 70 लाख रुपये की टैक्स फ्री व्हाइट मनी दे सकते हैं, जो उसके लिए काफी लाभदायक साबित हो सकता है। इस केंद्रीय योजना का नाम सुकन्या समृद्धि योजना है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक भारतीय अपनी बेटी के जन्म लेते ही पोस्ट ऑफिस या बैंक में SSA खाता खुलवा सकता है, जिसमें लगातार 15 साल तक निवेश करने के बाद, 21 साल पूरे होने पर 69 लाख 80 हज़ार रुपये से ज़्यादा की रकम बिटिया के खाते में जमा रहेगी।
सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता वही शख्स खुलवा सकता है, जो 10 साल से कम उम्र की बेटी का पिता या अभिभावक हो। इस अकाउंट में भी हर साल लोक भविष्य निधि, यानी पब्लिक प्रॉविडेंट फंड या PPF खाते की ही तरह अधिकतम 1,50,000 रुपये जमा किए जा सकते हैं, लेकिन इस खाते में हर साल जमा कराई जा सकने वाली न्यूनतम राशि 250 रुपये ही है। सुकन्या समृद्धि योजना की सबसे खास बात यह है कि यह आज की तारीख में सबसे ज़्यादा ब्याज कमाने वाली सरकारी योजनाओं में से एक है, जिसके हर खाताधारक को हर वर्ष 8 फीसदी की दर से ब्याज अदा किया जाता है, जबकि PPF में मिलने वाला ब्याज 7.1 फीसदी की दर पर अदा किया जाता है।
इस योजना में यदि बिटिया के पैदा होते ही खाता खुलवा लिया जाए, तो उसमें बिटिया के 15 वर्ष की होने तक आपको हर साल निवेश करना होगा, जो अधिकतम 1,50,000 रुपये हो सकता है। इस खाते में भी अधिकतम ब्याज कमाने का सबसे अच्छा अवसर तभी है, जब आप यह निवेश हर वित्तवर्ष में अप्रैल की 5 तारीख से पहले ही कर दें। इस तरह से आप 15 साल में कुल मिलाकर 22,50,000 रुपये का निवेश करेंगे और 21 वर्ष की होने पर जब आपकी बिटिया को मैच्योरिटी की रकम हासिल होगी, वह 69,80,093 रुपये होगी, बशर्ते मौजूदा ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं होगा। इस कुल राशि में ब्याज का हिस्सा 47,30,093 रुपये होगा और सबसे अहम पहलू यह है कि बेटी को इस रकम (69,80,093 रुपये) पर किसी भी तरह का कोई टैक्स नहीं देना होगा।
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, आपकी बेटी के पैदा होते ही अगर आप किसी भी पोस्ट ऑफिस या बैंक की शाखा में सुकन्या समृद्धि खाता खुलवा लेते हैं और उसमें शुरुआती राशि 1,50,000 रुपये जमा करवा देते हैं, तो एक साल पूरा होने पर उसे 8 फीसदी की दर से 12,000 रुपये का ब्याज हासिल होगा, जो अगले साल अप्रैल की शुरुआत में कुल मूल निवेश को 1,62,000 रुपये हो जायेगा। जिसमें अगले साल के निवेश के 1,50,000 रुपये जमा करवा देने पर दूसरे साल में आपको जिस रकम पर ब्याज मिलेगा, वह 3,12,000 रुपये होगी और उस पर मिलने वाला सालाना ब्याज 24,960 रुपये होगा।
इसी प्रकार से 15 साल तक लगातार हर वर्ष अप्रैल में ही बेटी के सुकन्या समृद्धि खाते में 1,50,000 रुपये जमा करवाते रहने पर आप कुल मिलाकर 22,50,000 रुपये जमा करवाएंगे और उसके बाद आप अपनी बेटी के 21 साल होने का इंतज़ार करेंगे तब यह खाता मैच्योर होगा। जहाँ अगले छह साल तक आप इस खाते में कुछ भी निवेश नहीं करेंगे और ब्याज लगातार हर साल बिटिया के खाते में जुड़ता रहेगा और मैच्योरिटी पर कुल मिलाकर 69,80,093 रुपये आपकी बिटिया को प्राप्त हो जायेंगे बेटी, जो पूरी तरह व्हाइट मनी होगी और टेक्स फ्री भी।














