केंद्रीय मंत्री के घर हत्या: दोस्तों के बीच हुआ था विवाद, छीनाझपटी में चल गयी गोली

विकास किशोर (Vikas Kishore) की लाइसेंसी पिस्टल से भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई।

0

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर (Kaushal Kishore) के ठाकुरगंज के फरीदीपुर स्थित नए आवास पर गुरूवार रात उनके बेटे विकास किशोर (Vikas Kishore) की लाइसेंसी पिस्टल से भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई। इससे पहले उसने दोस्तों के साथ देर रात तक पार्टी की।

इसी दौरान जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद में दोस्तों ने विनय श्रीवास्तव को घसीट-घसीट कर पीटा। वह भागकर कमरे में पहुंचा तो हमलावर वहां भी पहुंच गए। इसके बाद शमीम और अजय ने उसके हाथ पकड़ गए और अंकित ने विकास की पिस्टल निकालकर उसके माथे पर सटाकर गोली दाग दी। पलक झपकते ही विनय की मौत हो गई।

विनय के परिवारवालों ने बताया कि वह रोजाना सुबह 10-11 बजे घर से निकल जाता और देर रात तक विकास के साथ ही रहता था। वह उसका बेहद करीबी था। परिजन को जानकारी थी कि विनय बृहस्पतिवार रात को विकास के घर पर है और वहां चार-पांच लोग और हैं।

घटना की जानकारी पर पहले परिजन और फिर पुलिस पहुंची। पता चला कि छत पर गमले में विनय की घड़ी पड़ी है। शर्ट फटी थी और खरोंचों के भी निशान हैं। ऐसे में आशंका है कि अन्य लोगों ने विनय पर हमला किया। शव के पास उसकी राखी भी पड़ी थी। शव को पर्दे से ढक दिया गया था।

वारदात के बाद आरोपियों ने बेड पर तकिये के नीचे पिस्टल को छिपा दिया। फोरेंसिक टीम ने पड़ताल शुरू की तो घटनास्थल से एक खोखा मिला। पूरे कमरे में खोजबीन की गई तो बेड पर तकिये के नीचे से पिस्टल मिली। पूछताछ में अजय ने बताया कि अंकित व शमीम के कहने पर उसने पिस्टल छिपाई थी।

जहाँ पूरा आवास सीसीटीवी कैमरों से लैस है। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेकर फुटेज खंगाले। एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि जिस कमरे में वारदात हुई, उसमें भी कैमरा लगा है। जांच में सामने आया कि वह बंद था। हालांकि, बाकी कैमरे चल रहे थे। इनकी फुटेज से स्पष्ट हुआ कि वारदात के वक्त विनय समेत चार लोग ही मकान में थे। विनय की हत्या करने के बाद तीनों ने सभी को सूचना दी।

परिजन ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे विनय घर से निकला था। दिन में कई बार बातचीत हुई। रात 12 बजे से पहले बात हुई। उसने कुछ देर में आने की बात कही, जब वह नहीं पहुंचा तो 1:30 बजे दोनों भाइयों ने कॉल की। तब भी उसने कुछ देर में पहुंचने की बात कही। तीन घंटे बाद उसकी मौत की खबर पहुंची।

घटना के बाद जब संदिग्ध हिरासत में लिए गए तो उनका कहना था कि विनय ने खुद को गोली मार ली। यही बात उसके परिजनों से भी कही। हालांकि जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने कहा कि विनय ने अंकुर पर पिस्टल तान दी थी। खुद के बचाव में उसने उसका हाथ पकड़ लिया था। इसी दौरान छीनाझपटी में गोली चल गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here