पटना (Patna) सिटी पुलिस द्वारा राजा कुमार हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया गया है। 26 अप्रैल को पटना (Patna) सिटी सिविल कोर्ट व आलमगंज थाने के समीप राजा कुमार की प्रेम प्रसंग के दौरान गोली मारकर हत्या की गई थी। इस घटना को प्रेमिका के भाई ने अंजाम दिया है। पुलिस ने प्रेमिका के भाई अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जिसने पुलिस के समक्ष अपना अपराध कबूल लिया है।
पटना (Patna) सिटी पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिटी एसपी पटना पूर्वी संदीप सिंह ने बताया कि हत्याकांड के बाद पटना सिटी एएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम के सदस्यों ने दो दिनों के अंदर ही इस हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर दिया।
सिटी एसपी ने बताया कि मृतक राजा कुमार का मालसलामी निवासी अभिषेक कुमार की बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी भनक अभिषेक को लग गई थी। अभिषेक द्वारा राजा को इस संबंध में बार बार चेताए जाने के बाद भी राजा के नहीं मानने पर उसने चाय पीने के बहाने राजा कुमार को बीते 26 अप्रैल को गुड़ की मंडी बुलाया था। बाद में अभिषेक ने राजा को दो गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया है।
गौरतलब है कि घटना के वक्त पुलिस ने मृतक राजा कुमार के दोस्त और घटना के प्रत्यक्षदर्शी श्रवण कुमार को हिरासत में लिया था। उसने कड़ी पूछताछ के दौरान राजा कुमार के मालसलामी की एक युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात बताई थी। पुलिस ने पूरे मामले की तकनीकी अनुसंधान कर कांड का पर्दाफाश कर दिया।




