प्रयागराज मंडल में नगर निगम चुनाव के पहले चरण में मतदान पूरा हो चूका है। जिसके बाद शहर में पिक टॉयलेट बनाये जाने की कवायद तेज हो चुकी है। दरअसल, शहरी क्षेत्र में सिर्फ महिलाओं के 40 नए पिंक टायलेट बनाए जाने हैं।
हालांकि, कुछ समय पहले जिले में स्वच्छ भारत मिशन की ओर से करीब 130 सामुदायिक शौचालय बनाए गए थे। लेकिन महिलाओं के लिए अलग से सिर्फ एक पिंक टायलेट मेडिकल कॉलेज चौराहे पर स्थित हैं। ऐसे में महिलाओं को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
आचार संहिता लगने से कार्य में देरी
महिलाओं को होने वाली इस असुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रयागराज द्वारा कुछ दिन पहले ही इस दिशा में पहल की गई थी। लेकिन आचार संहिता लागू हो जाने से कार्य में देरी हुई। अब आचार संहिता खत्म होने के बाद और जल्द ही नये महापौर के शपथ ग्रहण के बाद कार्य में तेजी आएगी। नगर निगम की इस पहल से महिलाओं को काफी राहत मिलेगी।
पहले ज्यादा भीड़ वाले इलाके में होगा कार्य
नगर निगम द्वारा बनाये जाने वाले 40 पिंक टायलेट के निर्माण में लगभग 90 लाख रुपये का बजट खर्च होगा। इसके टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पहले सबसे ज्यादा भीड़ वाले इलाके में इसे बनाने की तैयारी है। पहले चरण में चौक, घंटाघर, रोशनबाग, कटरा, सिविल लाइंस, जानसेनगंज, सर्किट हाउस, खुल्दाबा, करेली, राजापुर, धूमनगंज, सुलेमसराय, फाफामऊ, शांतिपुरम पिंक टायलेट बनाए जाने की तैयारी है।
पार्क के पास बनाये जायेंगे टॉयलेट
नगर निगम के पर्यावरण अभियंता उत्तम वर्मा ने बताया कि इसकी तैयारी तो और पहले से थी लेकिन जमीन न मिलने की वजह से यह कार्य बाधित हो गया था। अब जमीन मिल गए हैं। प्रयास किया जा रहा है कि जहां पार्क हैं वहां पिंक टायलेट बनाए जाएं।




