पीएम आज विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र करेंगे वितरित

PMO ने कहा कि रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है।

0

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 26 सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंस के द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती किये जाने वाले कर्मचारियों को करीब 51,000 नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यालय (PMO) ने यह जानकारी दी।

पीएमओ के अनुसार, ‘रोजगार मेला’ देशभर में 46 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इस रोजगार मेले में नियुक्त किए जाने वाले नए कर्मचारी डाक विभाग, भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा विभाग, परमाणु ऊर्जा विभाग, राजस्व विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।

PMO ने कहा कि रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। उम्मीद है कि यह आगे रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा और युवाओं को उनके सशक्तिकरण तथा राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘नवनियुक्त कर्मचारियों को आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर एक ऑनलाइन मॉड्यूल ‘कर्मयोगी प्रारंभ’ के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिल रहा है। जहां ‘कहीं से किसी भी उपकरण’ से सीखने के प्रारूप के तहत 680 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं।’

आपको बता दें कि आज 9वां रोजगार मेला आयोजित होने जा रहा है। इससे पहले पिछले महीने 28 अगस्त को देशभर में 45 जगहों पर 8वां रोजगार मेला आयोजित हुआ था। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने 51,106 युवाओं को नियुक्ति सौंपे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here