मजदूरों के सफल रेस्क्यू ऑपरेशन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई मंत्रियों ने टीम को दी बधाई

NDRF की 3 टीमें मजदूरों को निकालने के लिए अंदर गई। बारी-बारी से सभी 41 मजदूरों को बाहर लाया गया।

0

उत्तराखंड की उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिल्क्यारा-डंडालगांव टनल में 12 नवंबर से फंसे 41 मजदूरों को आखिकार रेस्क्यू कर लिया गया। रातोंरात रैट होल माइनर्स ने हाथ से खुदाई की और रास्ता बनाया। NDRF की 3 टीमें मजदूरों को निकालने के लिए अंदर गई। बारी-बारी से सभी 41 मजदूरों को बाहर लाया गया। मजदूरों के सफल रेस्क्यू ऑपरेशन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई मंत्रियों और नेताओं ने रेस्क्यू टीम को बधाई दी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘मुझे यह जानकर राहत और खुशी महसूस हो रही है कि उत्तराखंड के टनल में फंसे सभी श्रमिकों को बचा लिया गया है। 17 दिनों तक उन्हें पीड़ा का सामना करना पड़ा, क्योंकि रेस्क्यू में कई अड़चनें आईं, लेकिन पूरा ऑपरेशन मानव सहनशक्ति का एक प्रमाण है। राष्ट्र उनके जज्बे को सलाम करता है। मैं उन टीमों और सभी विशेषज्ञों को बधाई देती हूं, जिन्होंने इतिहास में सबसे मुश्किल रेस्क्यू ऑपरेशन में से एक को पूरा करने के लिए अविश्वसनीय धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ काम किया है।’

पीएम मोदी ने X पर लिखा, ‘उत्तरकाशी में हमारे श्रमिक भाइयों के रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता हर किसी को भावुक कर देने वाली है। टनल में जो साथी फंसे हुए थे, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि आपका साहस और धैर्य हर किसी को प्रेरित कर रहा है। मैं आप सभी की कुशलता और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। यह अत्यंत संतोष की बात है कि लंबे इंतजार के बाद अब हमारे ये साथी अपने प्रियजनों से मिलेंगे। इन सभी के परिजनों ने भी इस चुनौतीपूर्ण समय में जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, उसकी जितनी भी सराहना की जाए वो कम है।’

पीएम मोदी ने आगे लिखा, ‘मैं इस बचाव अभियान से जुड़े सभी लोगों के जज्बे को भी सलाम करता हूं। उनकी बहादुरी और संकल्प-शक्ति ने हमारे श्रमिक भाइयों को नया जीवन दिया है। इस मिशन में शामिल हर किसी ने मानवता और टीम वर्क की एक अद्भुत मिसाल कायम की है।’

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिक भाइयों की सुरक्षित वापसी बहुत ही खुशी का समाचार है। उन्हें और उनके परिवारों को मेरी दिली बधाई। भारत का निर्माण करने वाले हमारे मज़दूर भाइयों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इस मुश्किल अभियान को सफल बनाने वाले सभी जांबाज़ों को मेरा सलाम है।’

सिल्कयारा टनल में फंसे 41 श्रमिकों के सकुशल बाहर निकलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अभियान में जुटे समस्त बचाव दल को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव दल की तत्परता, टेक्नोलॉजी के सहयोग, सुरंग के अंदर फंसे श्रमिक बंधुओं की जीवटता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की जा रही पल- पल निगरानी और बौखनाग देवता की कृपा से ये अभियान सफल हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने जरूरी होने पर श्रमिकों को उच्च कोटि की चिकित्सा सुविधा देने के उन्होंने आदेश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here