भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को किया सम्बोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हो रहे हमलों पर चिंता भी व्यक्त की।

0
46

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंटनी अल्बनीज (Antony Albanese) के साथ एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने इस मौके पर जानकारी दी कि, दोनों देशों के नेताओं के बीच किन मुद्दों पर बात हुई।

भारत में अपने पहले दौरे पर आए प्रधानमंत्री एंटनी अल्बनीज (Antony Albanese) का स्वागत करते हुए भारत क्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री अल्बनीज का भारत में उनके पहले स्टेट विजिट पर स्वागत करता हूं। पिछले साल दोनों देशों ने प्रधानमंत्रियों के स्तर पर वार्षिक समिट करने का निर्णय लिया था। प्रधानमंत्री अल्बनीज की इस यात्रा से इस श्रृंखला का शुभारंभ हुआ।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हो रहे हमलों पर चिंता भी व्यक्त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हुए हमलों का मुद्दा उठाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने प्रधानमंत्री एंटनी अल्बनीज के सामने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हुए हमलों का मुद्दा उठाया। यह मामला उनकी उस व्यापक वार्ता के दौरान चर्चा के लिए आया। जिसका उद्देश्य समग्र संबंधों का विस्तार करना था। वार्ता के बाद जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हमले की खबरें नियमित रूप से आ रही हैं। उन्होंने कहा, “स्वाभाविक है, ऐसे समाचार भारत में सभी लोगों को चिंतित करते हैं और हमारे मन को व्यथित करते हैं।”

‘दोनों देशों के दल नियमित रूप से संपर्क में रहेंगे’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, उन्होंने इन भावनाओं और चिंताओं से ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंटनी अल्बनीज को अवगत कराया। प्रधानमंत्री ने कहा, “उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि भारतीय समुदाय की सुरक्षा उनके लिए विशेष प्राथमिकता है।” उन्होंने आगे कहा कि, इस विषय पर दोनों देशों के दल नियमित रूप से संपर्क में रहेंगे और यथासंभव सहयोग करेंगे। उन्होंने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और आपसी सुरक्षा बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि, “हमने विश्वसनीय और मजबूत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने के लिए आपसी सहयोग पर चर्चा की।”

रक्षा के क्षेत्र में हमने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय समझौते किए हैं: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, “रक्षा के क्षेत्र में हमने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय समझौते किए हैं, जिनमें एक-दूसरे की सेनाओं के लिए साजो-सामान संबंधी सहयोग भी शामिल है।” ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंटनी अल्बनीज ने अपनी टिप्पणी में कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वह भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने पर सहमत हुए। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि हम इस वर्ष इसे अंतिम रूप दे देंगे।” ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंटनी अल्बनीज अहमदाबाद और मुंबई में अपने कार्यक्रमों के समापन के बाद बृहस्पतिवार की शाम को दिल्ली पहुंचे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here