बारिश ने मचाया तांडव: दिल्ली-हरियाणा-हिमाचल सहित अन्य राज्यों में जनजीवन अस्तव्यस्त

0
Delhi-Haryana-Himachal

उत्तर भारत के कई शहरों में हो रही लगातार बारिश से हालात बेहद ख़राब हो गए हैं। दिल्ली-पंजाब-हरियाणा में बारिश के जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है, जहाँ सड़कें तालाब में बदल गई हैं तो वहीं यमुना का जलस्तर खतरे के चिन्ह को पार कर गया है। वहीं दूसरी और हिमाचल प्रदेश में नदियां तांडव मचा रही हैं। कई जगहों पर भूस्खलन और बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई और दिल्ली में 41 साल का रिकॉर्ड टूट गया। कई आवासीय कॉलोनियों में मकान गिरने, पेड़ उखड़ने और जलभराव की खबरें हैं। एनडीएमसी के अधिकार क्षेत्र के तहत राजनयिक परिक्षेत्रों जैसे कि चाणक्यपुरी, काका नगर, भारती नगर और अन्य प्रमुख सड़कों और कॉलोनियों में भी जलभराव की समस्या देखी गई है। चंडीगढ़ में हो रही लगातार बारिश के कारण एक बड़ा पेड़ गिरने से सेक्टर 17/22 डिवाइडिंग रोड के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है।

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि उत्तर भारत में भारी बारिश जारी रहेगी। हिमाचल प्रदेश, पंजाब और दिल्ली में सोमवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। वही बारिश की वजह से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को राज्य भर के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में तीन दिनों के लिए छुट्टियों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने के प्रयास जारी हैं।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के करनाल के इंद्री के कई गांवों में यमुना नदी का पानी घुस गया है। सड़कें बंद कर दी गई हैं और एसडीआरएफ की टीम बचाव अभियान चलाने के लिए मौके पर है।

वही हिमाचल प्रदेश में तीसरे दिन भी भारी बारिश का कहर जारी है और सोमवार को तीसरे दिन रिकॉर्ड भारी बारिश के कारण पूरे हिमाचल प्रदेश में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, जबकि सड़क और रेल संपर्क बाधित है। पुराने मनाली में एक तीन मंजिला होटल की इमारत ब्यास के तेज पानी में ढह गई, जबकि राज्य में भारी बारिश के बाद भूस्खलन से 1,694 सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है।

आईएमडी दिल्ली के वैज्ञानिक सोमा सेन ने सोमवार को कहा कि “हम दिल्ली में 12 सेमी तक बारिश की उम्मीद कर रहे हैं, यह अधिक हो सकती है, हम निगरानी कर रहे हैं। आज दिल्ली के लिए येलो अलर्ट है। कल से उत्तर-पश्चिम हिमालय क्षेत्र में बारिश थोड़ी कम होने की उम्मीद है।”

उन्होंने आगे कहा कि “हमने अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है और हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है। कल से हिमाचल प्रदेश में बारिश कम होने की संभावना है, लेकिन उत्तराखंड में अगले 3 दिनों तक इसी तरह की या थोड़ी कम तीव्रता वाली बारिश होगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here