राजस्थान की राजनितिक गलियों में इस समय सियासी बवंडर छाया हुआ है। जहाँ कांग्रेस नेता सचिन पायलट पार्टी में एक अलग ही उड़ान भरने के मोड़ पर नज़र आ रहे हैं। माना जा रहा है कि, वे 11 जून को अपने पिता की जयंती पर इसकी घोषणा कर देंगे। वहीं इस बीच BJP में बदलाव की आंधी आने के आसार दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि, अगले कुछ दिनों में पार्टी के संगठन में बड़े बदलाव होने वाले हैं।
वहीं संगठन में बदलाव की ख़बरों के बीच प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) दिल्ली पहुंच चुकी हैं। दिल्ली में उनकी राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष (BL Santosh) और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह (Arun Singh) के साथ बैठक हुई है। बताया जा रहा है कि, इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव और संगठन में होने वाले बदलावों में विस्तार से चर्चा हुई है। इसके साथ ही खबर है कि वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) कई अन्य बड़े नेताओं से भी मुलाकात कर सकती हैं।
वहीं इससे पहले केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए पार्टी के सीएम पद के चेहरे पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि, राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के चेहरे पर चुनाव लड़ेंगे और आगे की प्रक्रिया तय करना पार्टी के संसदीय बोर्ड का काम है। उन्होंने कहा कि, पार्टी का संसदीय बोर्ड यह तय करेगा कि राजस्थान का नेतृत्व कौन करेगा। हमारी पार्टी में सभी मानते हैं कि BJP का चुनाव चिन्ह कमल है, हमारे नेता प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा हैं और हम सब का उद्देश्य यही है कि हमें कांग्रेस को हराना है, भाजपा (BJP) को लाना है।














