प्रयागराज (Prayagraj) में उच्च स्तर पर रेलवे से जुड़े काम किए जा रहे हैं। प्रयागराज रेलवे जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर छह के कानपुर साइड से बमरौली के बीच चौथी लाइन बिछाने की योजना है। बिछने वाली इस चौथी रेलवे लाइन के लिए सुबेदारगंज में फ्लाईओवर भी बनाने का प्रस्ताव है। बजट में मिले तीन करोड़ रुपये से होगा काम इसी फ्लाई ओवर से होते हुए नई लाइन बमरौली के अप लूप में जाकर मिलेगी।
बमरौली के अप लूप में जाकर मिलने वाली 10 किमी लंबी इस लाइन और फ्लाईओवर के लिए पिंक बुक में 3.20 करोड़ रुपये के बजट का आवंटन हुआ है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर 490 करोड़ खर्च होने हैं। इस कार्य को 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा।
फ्लाईओवर सुबेदारगंज स्टेशन के पश्चिमी छोर से शुरू होगा। इसके लिए ब्रिज और रूफ कंपनी फाइनल लोकेशन सर्वे कर चुकी है। हालांकि इसमें कुछ बदलाव की सलाह दी गई है, जिस पर मंथन जारी है।
चौथी लाइन का प्रयोग कानपुर की ओर से प्लेटफार्म नंबर छह पर आने वाली ट्रेनों के लिए सबसे खास होगा। ट्रेनें प्रयागराज यार्ड की मेन लाइन को बिना प्रभावित करे आवागमन कर सकेंगी। वहीं, छह नंबर प्लेटफार्म से कानपुर की ओर जाते समय ट्रेनें इसी नई लाइन से सीधे बमरौली निकल जाएंगी। इससे कई ट्रेनों के लिए मेन लाइन पर ट्रैफिक रोकने की समस्या खत्म होगी। ट्रेनों को आउटर के बाहर रोकने की समस्या का निदान होगा। ट्रेनों की गति बढ़ाने और समय से उनके गंतव्य तक पहुुंचाने में मदद मिलेगी। बजट मिलने के बाद अब इस कार्य में तेजी आएगी।


