आजमगढ़: डिवाइडर से टकराकर पलटी बेकाबू कार, दो की मौत

0

उत्तर प्रदेश: आजमगढ़ जिले (Azamgarh) के बरदह थाना क्षेत्र में देर रात अनियंत्रित कार की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए जौनपुर के हास्पिटल को रवाना किया गया। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी होते ही बरदह थाने की पुलिस लालगंज सीओ मनोज रघुवंशी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई।

जौनपुर जिले की ओर से आ रही अनियंत्रित कार के बरदह पहुंचते ही हादसा हो गया। बरदह बाजार के मुख्य चौक पर फुटपाथ पर लगी जितेंद्र सरोज की दुकान से लोग सब्जी खरीद रहे थे। इस दौरान जौनपुर की ओर से तेज गति से आ रही कार सड़क के किनारे खड़ी स्कूटी और बुलेट को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलटते हुए सब्जी की दुकान पर खड़े लोगों को लपेटे में ले लिया। यह टक्कर इतनी तेज थी कि टक्कर की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग सहम गए।

इस हादसे में सड़क के किनारे सब्जी बेच रहे अपने छोटे भाई की दुकान पर खड़े धर्मेंद्र सरोज (30) व मनीष ( 32) की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में अरविंद, प्रियांशु निवासी बड़गहन और दिवाकर निवासी उसर गांव घायल हो गए। इन तीनों घायलों का रात में बरदह के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर उपचार के बाद जौनपुर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। कार चालक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here