खरगोन में दो मासूमों की ईमानदारी ने जीता सबका दिल

दोनों छोटे-छोटे बच्चों की ईमानदारी देखकर एसडीओपी अर्चना रावत भी अभिभूत हो गईं और उन्होंने बच्चों को सम्मानित किया।

0
Honesty

खरगोन जिले के बड़वाह में तीसरी और पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले दो मासूमों ने ईमानदारी का एक शानदार उदाहरण पेश किया है। सरस्वती शिशु मंदिर बड़वाह में पढ़ने वाले 5वीं कक्षा के छात्र विशाल पिता गोरेलाल मुजाल्दे और कक्षा 3 के छात्र यश पिता विजय राठौर को स्कूल के बाहर खेलते समय सड़क पर बिखरे हुए 8900 रुपये मिले। जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर बड़वाह थाना इलाके का यह मामला है।

बच्चों ने लालच में न आते हुए सड़क पर बिखरे हुए सभी नोट उठाए और सीधे अपनी कक्षा अध्यापिका के पास पहुंचे। शिक्षिका ने बच्चों की ईमानदारी देखकर उनकी तारीफ की और स्कूल प्रबंधक रामकिशन जायसवाल को इस बारे में जानकारी दी।

जायसवाल ने दोनों छात्रों को शाबासी देते हुए उन्हें रुपये के साथ थाने भिजवाया। थाने में बच्चों ने एसडीओपी अर्चना रावत को पूरी जानकारी देते हुए रुपये उन्हें सौंप दिए।

दोनों छोटे-छोटे बच्चों की ईमानदारी देखकर एसडीओपी अर्चना रावत भी अभिभूत हो गईं और उन्होंने बच्चों को सम्मानित किया। रावत ने कहा, “बच्चों ने वास्तव में नैतिकता का सबक पढ़ाया है। ईमानदारी दिखाई है। उन्हें सम्मानित भी किया गया है।”

पुलिस अधिकारी ने इनाम देकर बच्चों को सम्मानित भी किया.हालांकि, अब तक इस राशि को लेने कोई नहीं आया है। हो सकता है कि खबरों को देखकर इनका वास्तविक मालिक आ जाए, तब उन्हें राशि सौंप दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here