विपक्ष के I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक में ममता बनर्जी के बाद अब बिहार के सीएम नीतीश कुमार और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल नहीं होंगे। ये नेता अपने प्रतिनिधियों को बैठक में भेज सकते हैं, ये जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है।
नीतीश कुमार और अखिलेश यादव कांग्रेस द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं होने वाले दूसरे और तीसरे हाई-प्रोफाइल नेता बन गए हैं। सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह I.N.D.I.A. गठबंधन में शामिल नहीं होंगी। कांग्रेस के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बीच तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें बैठक के बारे में ‘जानकारी नहीं’ थी।
लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष को एकजुट करने के मकसद से बनाए गए I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक से तीन नेताओं का खुद को अलग करना गठबंधन में बढ़ती खाई को दर्शाता है। वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि जब कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे नीतीश कुमार को बैठक में आमंत्रित करने के लिए फोन किया तो उन्होंने अपनै फैसला तभी बता दिया था। नीतीश कुमार की जगह बैठक में जेडीयू प्रमुख राजीव रंजन और वरिष्ठ नेता संजय झा शामिल होंगे।














