दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने ईडी द्वारा गिरफ्तारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में डाली गई याचिका को वापस ले लिया है। बताया गया है कि कोर्ट ने पहले इस मामले में सुनवाई के लिए हामी भर दी थी। इसके लिए चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने इस मामले की सुनवाई के लिए जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली बेंच को मामला सौंपा था। हालांकि, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के अब इस मामले में निचली अदालत में जाने की बात सामने आ रही है।
बताया गया है कि शराब घोटाला केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री की ईडी द्वारा गिरफ्तारी को लेकर अभिषेक मनु सिंघवी ने सीजेआई के घर जाकर उनसे इस मामले की सुनवाई की मांग की थी।
गौरतलब है कि गुरुवार रात सीएम अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी के दौरान ही उनकी लीगल टीम सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी और दिल्ली सीएम अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी पर तत्काल सुनवाई की मांग करने की अपील की थी।














