Mandi: खाई में गिरी बोलेरो, पांच की मौत और चार घायल

0
mandi

मंडी जिले के सुंदरनगर के बीएसएल पुलिस थाना के कटेरू क्षेत्र में भलाना खुड़ी नाला के पास गुरुवार देर रात एक बोलेरो (HP31/8349) गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। चार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद वाहन में सवार सभी यात्रियों को सुंदरनगर और नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

भलाना खूड़ी नाला के पास हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी दिनेश कुमार तथा तहसीलदार सुंदरनगर वेद प्रकाश भी रवाना हो गए। उन्होंने वहां पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। हालांकि रात को अंधेरा अधिक होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सभी वाहन सवार देव कमरूनाग के दर्शन के लिए गए हुए थे। वहां से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।

हादसे में घायल हुए लोगों की शिनाख्त संजीव कुमार (38) पुत्र केशव दत निवासी पंजराह तहसील सुंदरनगर, किरपा राम (38) पुत्र मजरू राम निवासी पौडाकोठी तहसील सुन्दरनगर, कमल कुमार (22) पुत्र तुला राम गांव डोलाधार तथा चालक अनिल दत्त(52) पुत्र रुप चन्द निवासी गांव कोलथी के रूप में हुई है। जबकि मृतकों की शिनाख्त लाला राम (50) पुत्र गंगू राम निवासी डोलधार तहसील सुन्दरनगर, रूप लाल (55) पुत्र परस राम निवासी गांव डोलधार तहसील सुन्दरनगर, सुनिल कुमार(35) पुत्र बेशर राम गांव पंजराह गलू तहसील सुन्दरनगर,गोबिन्द राम (60) रघुराम निवासी डोलधार तहसील सुन्दरनगर और मोहण(55) पुत्र किरपा राम निवासी कुशला डाकघर घीड़ी तहसील सुन्दरनगर के रूप में हुई है।

डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में हादसे को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इधर नाचन के विधायक विनोद कुमार ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। विधायक विनोद कुमार ने बताया कि प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here