NCP नेता शरद पवार ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने अपने भतीजे अजित पवार के नेतृत्व वाले NCP गुट से पूछा कि मौजूदा सियासी हालात में कोई रास्ता कैसे ढूंढा जा सकता है, जब वे पहले ही सार्वजनिक रूप से अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं। सूत्रों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाले NCP गुट के 25 से 30 विधायकों ने दोपहर में मुंबई के वाईबी चव्हाण सेंटर में शरद पवार से मुलाकात की थी और उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि पार्टी एकजुट रहे।
अजित पवार ने कुछ ही घंटों के अंदर अपने चाचा शरद पवार के साथ सोमवार को दूसरी बार मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार, अजित पवार खेमे ने कहा कि वे मौजूदा स्थिति में शरद पवार का आशीर्वाद और मार्गदर्शन चाहते हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि रास्ता आप लोग भटके हैं, मैं नहीं, इसलिए मैं क्या मार्ग निकालूं। इस दौरान NCP सुप्रीमो ने अजित गुट के विधायकों से यह भी साफ कर दिया कि वह किसी भी सूरत में बीजेपी के साथ नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘मैंने हमेशा सेक्युलरवादी राजनीति की है और आगे भी वही करूंगा।’














