उत्तर प्रदेश के नोएडा (Noida) में एक शख्स द्वारा अपनी पत्नी की हत्या कर उसकी लाश को यमुना नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया, कि अपनी पत्नी पर विवाहेतर संबंध का शक करने वाले एक व्यक्ति को मंगलवार को अपनी पत्नी की हत्या करने और ईंटों से बंधे शव को यमुना नदी में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि श्रवण और उषा की उम्र करीब 30 साल है। वे दोनों जेवर थाने के पास छटंगा खुर्द गांव में रहते थे। श्रवण अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस के पास गया ताकि किसी को उस पर शक न हो।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, सोमवार को श्रवण ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और उसी दिन अलीगढ़ में रहने वाले ऊषा के परिवार के सदस्यों ने भी पुलिस से संपर्क किया और आरोप लगाया कि उसे श्रवण ने मार डाला है। इसके बाद श्रवण को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
उसने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की। श्रवण ने बताया कि हत्या के बाद शव को एक बोरे में भरकर उसमें कुछ ईंटों को भी डाल दिया और उसे यमुना में फेंक दिया।
अधिकारी ने कहा कि आगे की पूछताछ के दौरान, दिहाड़ी मजदूर श्रवण ने खुलासा किया कि उसका मानना है कि उसकी पत्नी का उनके गांव के एक व्यक्ति के साथ विवाहेतर संबंध था। जिसके कारण वे अक्सर लड़ते थे। पुलिस ने कहा कि मंगलवार को जेवर पुलिस थाने में श्रवण के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।




