दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, छह लोगो की मौत

एक बस और एक टीयूवी गाड़ी के बीच जोरदार भिड़ंत हुई है, जिसमें छह लोगों की मौत की खबर है।

0

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (Delhi-Meerut Expressway) पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां एक बस और एक टीयूवी गाड़ी के बीच जोरदार भिड़ंत हुई है, जिसमें छह लोगों की मौत की खबर है। डीसीपी ग्रामीण जोन ने इस बात की पुष्टि की है। हादसा NH 9 की लालकुआं से दिल्ली की तरफ जाने वाली लेन में हुआ है। पुलिस और DME की टीम रेस्क्यू करने में लगी है। सूत्रों के अनुसार, ये हादसा क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के राहुल विहार के सामने हुआ है।

हादसा इतना दर्दनाक था कि डेडबॉडी कार में ही बुरी तरह फंस गई थीं और उन्हें बाहर निकालने में पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी देखी गई। मिली जानकारी के अनुसार, गेट को कटर से काटकर एक शव को बाहर निकालना पड़ा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इस हादसे पर एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने कहा, “सुबह करीब 6 बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक स्कूल बस और टीयूवी कार के बीच टक्कर हुई है। बस वाला दिल्ली गया था और वहां से सीएनजी भरवाकर गलत साइड से आ रहा था। टीयूवी में बैठे लोग मेरठ से आ रहे थे और उन्हें गुड़गांव जाना था। आमने-सामने हुई टक्कर में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई है, 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उनका इलाज किया जा रहा है। बस के ड्राइवर को पकड़ लिया गया है। इस मामले में पूरी गलती बस के ड्राइवर की थी, जो दिल्ली से सीएनजी भरवाकर रॉन्ग साइड आ रहा था।”

रामानंद कुशवाहा ने बताया, “कार में कुल 8 लोग थे। जिसमें 2 बच्चे, 2 पुरुष और 2 महिलाएं भी थीं। बाकी लोग भी परिवार के ही थे। 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उनका इलाज चल रहा है। बस बाल भारती स्कूल नोएडा की थी। मामले की जांच जारी है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here