Prayagraj: मंगलवार को पारिवारिक कलह के चलते एक एक युवक ने अपने परिवार संग खुदकुशी करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद दरवाजा तोड़कर युवक को जघन्य अपराध करने से रोका गया।
दरअसल युवक का अपनी पत्नी से किसी बात पर झगड़ा हो गया था। जिसके बाद उसने गुस्से में आकर दुपट्टे से पंखे में फंदा बनाया। फिर अपने तीन साल के बच्चे को फंदे से लटकाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है युवक अपनी पत्नी व दो अन्य बच्चों को भी फांसी लगा देता। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेता।
पूरा मामला प्रयागराज (Prayagraj) जिला के कौंधियारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेहरा गांव का है। इस गांव में रहने वाला छोटू मजदूरी कर अपने परिवार को पालता है। छोटू अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ रहता है। इसके अलावा माता पिता और बड़े भाई व उनकी पत्नी भी साथ में रहते हैं। जानकारी के मुताबिक, सास बहू के विवाद के कारण वह टीन शेड डालकर घर के अगले हिस्से में रहता है। वहीं, पत्नी बच्चों के साथ घर के अंदर रहती है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को छोटू का फिर से अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया। जिसके बाद गुस्से में उसने परिवार के साथ आत्महत्या करने का प्रयास किया। महिला की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग इकट्टा हुए। दरवाजा बंद था तो लोग खिड़की के सहारे झांक रहे थे। फिर छोटू को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की नहीं सुन रहा था। किसी तरह लोगों ने पुलिस को बुलाया। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और छोटू को हिरासत में लिया।
पुलिस आरोपी युवक को थाने लेकर आई है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि परिवार की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




