प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत 14 साल की किशोरी से दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि किशोरी के पिता से पांच लाख रुपये मांगे। रुपये न देने पर वीडियो को वायरल कर दिया गया।
किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि दुष्कर्म के दौरान युवक के पांच साथियों द्वारा वीडियो बनाया गया। जिसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख की रंगदारी मांगी गयी। लेकिन किशोरी के पिता ने असमर्थता जताई तो वीडियो वायरल कर दिया गया। यही नहीं मुंह खोलने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोपी ने बुलाये अपने पांच साथी
किशोरी के पिता ने बताया कि 5 जुलाई को उसकी बेटी को अविनाश पुत्र रमाशंकर निवासी पिपरी, हंडिया बातों में उलझाकर कुछ दूर स्थित झाड़ियों में ले गया। इसके बाद धमकाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने वहां अपने पांच साथियों को पहले से बुला रखा था। इनमें नीरज, पंडित, अजय, मोटू व पवन शामिल थे।
मोबाइल पर कॉल कर धमकाया
किशोरी के पिता का आरोप है कि जब उसने पुलिस से शिकायत की बात कही तो मुख्य आरोपी अविनाश के पिता रमाशंकर ने पूरे परिवार को गाड़ी चढ़ाकर मार डालने की धमकी दी। आरोप यह भी है कि घटना के बाद से अविनाश लगातार उसके व उसकी पत्नी के मोबाइल पर कॉल कर धमका रहा है। कह रहा है कि शिकायत करने पर मुंबई में रहने वाले बेटे समेत पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
आरोपियों की तलाश जारी
अभिषेक भारती, डीसीपी नगर ने बताया कि “पीड़िता के पिता की तहरीर पर सात लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से एक मुख्य आरोपी का पिता है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।”
मुख्य आराेपी अविनाश ट्रैक्टर चालक है और बालू की सप्लाई का काम करता है। इसके अलावा अन्य आरोपी गांव के ही रहने वाले हैं और उसके साथी हैं। फिलहाल देर रात तक पुलिस को इस मामले में नामज़द आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला।














