सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पर भड़के राहुल गाँधी

0
Rahul Gandhi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम की पुलिस को और प्राथमिकी दर्ज करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि जितना संभव हो, पुलिस उतने मामले दर्ज करे। इसके बावजूद वे डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गाँधी ने पुराने सहयोगी और अब असम के मुख्यमंत्री, हिमंत बिस्वा सरमा को भी आड़े हाथों लिया। राहुल गाँधी ने भूमि घोटाले और रिश्वतखोरी का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पूरे भारत में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। राहुल गाँधी ने असम के बारपेटा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कहा कि बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मिलकर भी उन्हें डरा नहीं सकते।

गौरतलब है कि भीड़ को कथित तौर पर उकसाने के लिए गुवाहाटी पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक दिन बाद आक्रामक तेवर दिखाते हुए राहुल गाँधी ने कहा, उन्हें नहीं पता कि असम के मुख्यमंत्री ने ऐसा क्यों सोच लिया कि पुलिस के पास मामले दर्ज होने पर वे डर जाएंगे। उन्होंने कहा कि 25 और मामले दर्ज कराएं। जितना संभव हो मामला दर्ज करें, उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता। वे किसी से डरने वाले नहीं हैं।

राहुल गाँधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह के भी दिल ‘नफरत से भरे हुए हैं।’ उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस असम की भाषा, संस्कृति और इतिहास को मिटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ असम को नागपुर (आरएसएस मुख्यालय) से चलाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस और असम की जनता उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं देगी। असम में यहीं के लोगों का शासन होगा।

गौरतलब है कि राहुल गाँधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत मणिपुर से की है। यात्रा के 11वें दिन वे असम के बारपेटा में हैं। 6200 किलोमीटर की इस यात्रा में राहुल गाँधी समेत कद्दावर कांग्रेसी 14 राज्यों से गुजरेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here