Shahjahanpur: ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत

पुलिस ने ओमप्रकाश का शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। परिजन रोते बिलखते निगोही सीएचसी पहुंच गए।

0
Shahjahanpur

शाहजहाँपुर के निगोही में सरकारी अस्पताल के कर्मचारी की बाइक में टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक में अचानक आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया। टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। इस दौरान सड़क यातायात प्रभावित हुआ और काफी देर तक ऐसा ही रहा।

निगोही थाना इलाके के उदारिया गांव के रहने वाले ओमप्रकाश वर्मा पुवायां के ग्राम गंगसरा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में तैनात थे। वह मंगलवार सुबह बाइक से अस्पताल जाने को निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब आठ बजे निगोही थाना क्षेत्र के गनपतपुर गांव के पास पुवायां की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रक तेजी से दौड़ा लिया। ट्रक के पहिए में बाइक फंसी रह गई। करीब एक किलोमीटर आगे बाइक की रगड़ से निकली चिंगारी से ट्रक के तेल टैंक में आग लग गई। कुछ ही देर में ट्रक में आग फैल गई।

इस दौरान चालक और हेल्पर भाग निकले। इस बीच राहगीरों की भीड़ लग गई। कुछ देर बाद पूरा ट्रक जल गया। करीब एक घंटे बाद यातायत बहाल हो सका। पुलिस ने ओमप्रकाश का शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। परिजन रोते बिलखते निगोही सीएचसी पहुंच गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here