समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य इन दिनों काफी चर्चा का विषय बने हुए है। उन्होंने आरोप लगाया है कि, उनको जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उनका सिर तलवार से काटने के लिए कहा जा रहा है। इसके लिए इनाम का घोषणा भी हुआ है। उनकी हत्या की साजिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है।
जिस तरह से एक्शन नहीं हो रहा है, उससे साबित होता है कि बीजेपी की राज्य और केंद्र की सरकार हत्या की साजिश करने वालों के साथ शामिल है। इसीलिए ऐसा घटिया बयान देने वालों के खिलाफ कार्रवाई से सरकार कतरा रही है। मैंने अपना सुरक्षा संबंधी पत्र दो-दो बार दिया है।
मैं यूपी के सीएम और प्रमुख सचिव गृह को भी पत्र भेज चुका हूं:मौर्य
समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने बताया कि, मैंने एक पत्र प्रधानमंत्री और एक पत्र राष्ट्रपति को भेजा है। इससे पहले मैं यूपी के सीएम और प्रमुख सचिव गृह को भी पत्र भेज चुका हूं। इसके अलावा सिर काटने की धमकी और ऐसा बयान देने वाले साधु-संतों को मौर्य ने आतंकी कहा।
स्वामी प्रसाद मौर्य समाज को बांटने की साजिश कर रहे हैं: महंत राजूदास
वहीं, अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजूदास ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर पलटवार करते हुए कहा कि, उन्होंने मेरे ऊपर हमला किया। स्वामी प्रसाद मौर्य समाज को बांटने की साजिश कर रहे हैं। वे समाज में द्वेष फैलाने का काम कर रहे हैं। वे सनातनियों को गाली देने का काम कर रहे हैं। ये हमला राजूदास पर नहीं, सनातन धर्म पर हमला है। मेरी कोई पर्सनल लड़ाई स्वामी प्रसाद मौर्य से नहीं है।
महंत राजूदास ने कहा कि जिस प्रकार से वे सनातन धर्म को गाली देते हैं, जिस तरह से उन्होंने रामचरितमानस का अपमान किया, जिस प्रकार से वे भगवान राम और भगवान कृष्ण को गाली देते हैं, जिस प्रकार से वे साधु-संतों को आतंकवादी कहते हैं। ये दुखद है, निंदनीय है। इसी चीज को लेकर हमारी उनकी लड़ाई थी। वे अब पर्सनल लड़ाई पर आ चुके हैं। हमारे ऊपर उन्होंने हमला किया।




















