फ्रांस में नहीं थम रहा बवाल, नाबालिग की हत्या के विरोध में प्रदर्शन जारी

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने माता-पिता से नौजवानों को घर पर रखने का आग्रह किया और पूरे फ्रांस में फैल रहे दंगों को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा।

0

फ्रांस (France) की राजधानी पेरिस (Paris) में पुलिस द्वारा एक नाबालिग को गोली मारे जाने की घटना के बाद शुरू हुआ हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले चार दिनों से इस देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और आगजनी जारी है।प्रदर्शनकारी न केवल बैरिकेडिंग लगाकर सड़कों को ब्लॉक कर रहे हैं, बल्कि पुलिसवालों पर पटाखे भी फेंक रहे हैं। बताया जा रहा है कि, इस हिंसक विरोध प्रदर्शन में दो सौ से अधिक पुलिस अफसर जख्मी हो चुके हैं। जबकि हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारी अरेस्ट हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए पुलिस जद्दोजहद कर रही है और आंसू गैस के गोलों के साथ-साथ पानी की बौछारों से काम ले रही है। बता दें कि, मंगलवार को गाड़ियों की जांच के दौरान 17 साल के नाहेल की हत्या का वीडियो भी सामने आया है और इस घटना से लोगों में काफी नाराजगी है। इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) ने शुक्रवार को माता-पिता से नौजवानों को घर पर रखने का आग्रह किया और पूरे फ्रांस में फैल रहे दंगों को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा।

वहीं, फ्रांस के गृह मंत्री गेराल्ड डर्मानिन ने कहा कि, दंगाई किसी भी सूरत में नहीं जीत पाएंगे और विजय सिर्फ गणराज्य की ही होगी। अधिकारियों ने बताया कि, प्रदर्शनकारियों ने उपनगर क्लिची-सूस-बोइस के सिटी हॉल में आग लगा दी और ऑबर्विलियर्स में एक बस डिपो को आग के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि, पेरिस के कई इलाकों में दंगाइयों ने सुरक्षा बलों पर पटाखे फेंके है।

पेरिस पुलिस हेडक्वॉर्टर के अनुसार, विरोध प्रदर्शनों को नियंत्रित करने लिए लगभग 40 हजार से ज्यादा पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। इस बीच नाहेल की मां मौनिया एम ने कहा है कि वह उस पुलिस अधिकारी को माफ नहीं कर सकतीं जिसने उनके इकलौते बच्चे को मार डाला। उन्होंने कहा, ‘मेरे बेटे को न्याय मिलना चाहिए। एक पुलिस अधिकारी अपनी बंदूक लेकर हमारे बच्चों पर गोली नहीं चला सकता, हमारे बच्चों की जान नहीं ले सकता।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here