ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ईकोविलेज-1 सोसायटी की लिफ्ट में फिर हुई गड़बड़

0

Greater Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) की हाईराइज सोसाइटियों से आए दिन लिफ्ट फंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उचित मेंटीनेंस के अभाव में इस प्रकार का हादसा लोगों की परेशानी का कारण बन रहा है। जहाँ एक तरफ इन घटनाओ से आक्रोश बढ़ रहा है तो दूसरी तरफ ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन किसी न किसी हाईराइज हाउसिंग सोसायटी में लोग लिफ्ट में फंस रहे हैं।

ताजा मामला ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) वेस्ट की ईकोविलेज-1 सोसायटी का है। सोसायटी का एक निवासी करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। इस मामले को लेकर सोसायटी में रहने वालों ने नाराजगी जताई है। सोसायटी के लोगों का कहना है कि इससे पूर्व कई बार सोसायटी के लोग लिफ्ट में फंस चुकी हैं। इसके बावजूद लिफ्ट मेंटेनेंस को लेकर रखरखाव प्रबंधन बिल्कुल भी संजीदा नहीं है।

सोसायटी में रहने वाले संजय शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर बाद टावर- ए में रहने वाले एक निवासी अपने फ्लैट जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे। अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आपूर्ति बाधित होने की वजह से लिफ्ट तीसरे फ्लोर पर अटक गई। अलार्म बजाने की कोशिश की, लेकिन किसी से कोई मदद नहीं मिली। पीड़ित व्यक्ति से अपने मोबाइल फोन से मेंटनेंस मैनेजमेंट के कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क भी नहीं हो सका। व्यक्ति ने लिफ्ट का दरवाजा पीटकर मदद की गुहार लगाई। इसके बाद उसके लिफ्ट में फंसे होने की जानकारी बाहर आई।

लिफ्ट के फंसने के बाद लोगों ने दूसरी लिफ्ट लेनी शुरू कर दी। हालांकि, फंसी हुई लिफ्ट में आ रहे व्यक्ति ने सुरक्षाकर्मियों को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने लिफ्ट के दरवाजे को पीटना शुरू कर दिया। वहां से गुजर रहे लोगों का इसकी तरफ ध्यान गया। लोगों ने किसी के लिफ्ट में फंसे होने की आशंका जताते हुए सूचना टावर के नीचे तैनात सुरक्षाकर्मियों को दी। कड़ी मशक्कत के बाद फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला जा सका। सोसायटी के लोगों का आरोप है कि लोगों के लिफ्ट में फंसने की घटना आम हो गई है।

लोगों का कहना है कि सोसायटी में 82 टावर है। 5057 फ्लैट पर पजेशन दिया जा चुका है। यहां करीब 4800 परिवार रह रहे हैं। सोसायटी में आबादी लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन लिफ्ट मेंटेनेंस की तरफ बिल्डर प्रबंधन का बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। इस संबंध में मेंटनेंस मैनेजर वीके मिश्रा से फोन के जरिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here