अमरोहा में चाकू से गोदकर 11वीं के छात्र की हत्या

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

0
uttarpradesh

अमरोहा में मोबाइल की दुकान पर कहासुनी के बाद दुकानदार ने दोस्त के साथ मिलकर 11वीं के छात्र मोहम्मद अली (21) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। एसपी और एएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। हत्या की वारदात मोबाइल दुकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो दोस्तों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या की ये वारदात नौगांवा सादात के मोहल्ला नई बस्ती में हुई। मोहल्ला अलीनगर में रियाजुल हसन का परिवार रहता है। रियाजुल हसन कुवैत में मजदूरी करते हैं।

चार साल पहले घर वापस आ गए थे। उनके परिवार में पत्नी इफ्फत बातूल के अलावा चार बेटे और तीन बेटियां हैं। सबसे बड़ा बेटा मोहम्मद अली कस्बा के ही एसएएम इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र था। परिजनों के मुताबिक सोमवार की रात करीब साढ़े सात बजे मोहम्मद अली को मोहल्ला गुला तालाब के रहने वाले अपने दोस्त असगर अब्बास के घर बैठा हुआ था।

इस दौरान असगर अब्बास नहा रहा था। तभी उसके फोन में कॉल आई, जिसे मोहम्मद अली ने उठाया। तभी मोबाइल की दुकान चलाने वाले अमीर आजम ने गली गलौज की। इसके बाद मोहम्मद अली और अजगर अब्बास अमीर आजम की मोहल्ला नई बस्ती स्थित मोबाइल की दुकान पर पहुंच गए और गाली गलौज करने का कारण पूछा।

इसके बाद मोहम्मद अली मोबाइल की दुकानदार अमीर आजम से कहासुनी हो गई। आरोप है कि तभी मोबाइल के दुकानदार अमीर आजम ने मोहम्मद अली के पेट में चाकू घोंप कर घायल कर दिया। जिससे मोहम्मद अली लहूलुहान होकर जमीन पर गिरने के बाद तड़पने लगा। घटना में अमीर आजम का दोस्त कौकब भी शामिल था। घटना के बाद मोहल्ले में भगदड़ मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल अवस्था में मोहम्मद अली को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। परिजन मोहम्मद अली को लेकर मुरादाबाद जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

उधर घटना की जानकारी मिलते ही एसपी कुंवर अनुपम सिंह, एएसपी राजीव कुमार सिंह व सीओ अंजलि कटारिया और नौगांवा सादात फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और परिजनों से घटना की जानकारी हासिल की। उस दुकान पर भी पहुंचे, जहां वारदात को अंजाम दिया गया।

घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई। सभी घटना मोबाइल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मृतक मोहम्मद अली के चाचा सिकंदर आलम की तहरीर पर अमीर आलम और कौकब के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज और हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here