कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस सांसदों ने काले कपड़े पहनकर विरोध किया। इसपर तंज कसते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने कहा है कि, इनके काले कारनामे, अब काले कपड़े और अब ये काले जादू तक जाने वाले हैं क्योंकि इनके काले कारनामे छिप नहीं सकते।
संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भगवान राम से तुलना करने के प्रियंका गांधी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि अब यही दिन देखना बाकी रह गया था, इससे बड़ा अहंकार क्या हो सकता है?
राहुल गांधी कभी भी सावरकर नहीं हो सकते: अनुराग ठाकुर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि, “राहुल गांधी ने पिछड़ों का अपमान किया है और उनमें इतना अहंकार है कि वे माफी नहीं मांग रहे हैं और अब तो कोर्ट के आदेश को भी नहीं मान रहे हैं।”
वही उन्होंने वीर सावरकर पर राहुल गांधी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि, “उन्हें कम से कम सावरकर को लेकर अपनी दादी इंदिरा गांधी द्वारा दिए गए बयान की तो इज्जत रखनी चाहिए थी। राहुल गांधी कभी भी सावरकर नहीं हो सकते क्योंकि सावरकर कभी 6 महीने के लिए विदेश घूमने नहीं जाते थे।”
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सदन नहीं चलने देने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि, सिर्फ एक व्यक्ति (राहुल गांधी) की वजह से ये संसद का सत्र नहीं चलने दे रहे हैं।


