बलिया: शादी समारोह से लौट रहे युवक को बदमाशों ने चाकू से गोदा

0

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद (Ballia) के सहतवार थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ाडीह गांव के पास शुक्रवार की रात शादी समारोह से लौट रहे एक युवक की हत्या बदमाशों ने चाकू से गोदकर कर दी, जिसके बाद इलाके में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए एसपी एस. आनंद ने तीन टीमें गठित की है।

बताया जा रहा है कि बलिया (Ballia) के सहतवार थाना क्षेत्र के अघैला निवासी दीपू पासवान (20) पुत्र लालजी पासवान शुक्रवार को गांव के ही रंजीत के साथ मुड़ाडीह किसी के शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी बीच, सहतवार थाना क्षेत्र के ही मुड़ाडीह गांव के पास बदमाशों ने चाकू से गोदकर दीपू को लहुलूहान कर दिया। युवक को गंभीरावस्था में सीएचसी रेवती पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका। युवक की हत्या किसने और क्यों की ? इन बिंदुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है।

उधर, सूचना मिलते ही सीओ बांसडीह शिव नारायण वैश्य तथा सहतवार थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी एकत्रित किये। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि दीपू पासवान एक तिलक समारोह से वापस घर जा रहा था। इसी बीच अज्ञात लोगों ने रास्ते में मुड़ाडीह गांव के पास उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। सदर अस्पताल में डाक्टर ने दीपू को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर स्थानीय पुलिस व उच्चधिकारियों ने मय फोर्स घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घटना के अनावरण के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। इसी बीच घटना को अंजाम देने वालों के सम्बंध में कई महत्वपूर्ण सूचना पुलिस को मिली है। शीघ्र ही घटना का आवरण होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here