बिहार के गोपालगंज में अपराधियों में खौफ की कमी है. उनके मन से कानून और पुलिस का डर जाता रहा है। रविवार देर रात घर के अंदर सो रहे मछली व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना फुलवरिया प्रखंड के लाडपुर के श्रीपुर ओपी गांव की है। मृतक की पहचान ईश मोहम्मद मियां के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक मृतक ईश महम्मद मियां पिछले 10 साल से बथुआ बाजार में मछली का व्यवसाय करते थे। काम के बाद घर लौटने पर रात का खाना खाने के बाद वो बाहर खाट पर सो जाते थे. रविवार की रात भी ऐसा ही हुआ था। ईश महम्मद मियां सो रहे थे, रात के लगभग दो बजे अपराधी वहां पहुंचे और उनके सिर में गोली मार कर फरार हो गए। मृतक के दामाद समी अहमद का कहना है कि गोली चलने की आवाज से परिवार के लोग जाग गए। जब वो बाहर निकले तब तक ईश महम्मद मियां की मौत हो चुकी थी। अपराधियों ने सिर में गोली मारने के बाद चादर से चेहरे को ढक दिया था। सूचना देने पर देर रात ही श्रीपुर ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
हथुआ के एसडीपीओ अनुराग कुमार का कहना है कि पुलिस हत्या का केस दर्ज कर जांच कर रही है। मछली व्यवसायी की हत्या की वजह का खुलासा नहीं हो सका है। मृतक के परिजनों ने व्यवसाय या पुरानी दुश्मनी में ईश मोहम्मद मियां की हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस हत्या से जुड़े सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों का जल्द सुराग ढूंढ कर पुलिस हत्याकांड का खुलासा करेगी।




