दिल्ली (Delhi) के सादिक नगर (Sadiq Nagar) में स्थित एक स्कूल को धमकी भरा मेल मिलने के बाद खाली करवाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, स्कूल प्रशासन को एक धमकी भरा मेल आया था। जिसमें बम होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी और स्कूल को खाली कराया गया। अभी तक की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार, सादिक नगर (Sadiq Nagar) स्थित एक स्कूल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर एक ईमेल भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि उसके परिसर में बम रखा गया है। उन्होंने बताया कि, एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली करा लिया गया है।
वही इस बात की खबर मिलते ही अधिकतर छात्रों के माता-पिता स्कूल पहुंच गए और गेट के बाहर इकट्ठे हो गए। जिन्होंने बताया कि हमें स्कूल से संदेश मिला था कि हम अपने बच्चों को घर ले जाएं। वही, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चंदन चौधरी (Chandan Chowdhary) ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, यह पहली बार नहीं है जब स्कूल प्रशासन को बम की धमकी मिली है। पिछले वर्ष नवंबर महीने में भी एकअज्ञात व्यक्ति ने ऐसा ही ईमेल भेजा था। वह एक फर्जी ईमेल था। हमारी टीमें बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर हैं।




