कोहरा का असर आसमान से जमीन तक, दर्जनों ट्रेनें लेट, कई फ्लाइट्स लेट

रेल यातायात से लेकर फ्लाइट्स तक प्रभावित है।

0
34

उत्तर भारत का पूरा क्षेत्र घने, ठंडे कोहरे में ढका हुआ है। आज यानी 9 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में विजिबिलिटी बेहद कम है। राष्ट्रीय राजधानी घने कोहरे से घिरी हुई है। कोहरे का असर यातायात पर पड़ रहा है। एक तरफ सड़कों पर गाड़ियां रेंग रही है, वही ट्रेनों की गति भी धीमी हो गई है। कई शहरों में विजिबिलिटी पूरी तरह से गायब हो गई है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में आसमान से जमीन तक कोहरे का असर दिखाई दे रहा है। कोहरे की चादर की वजह से सड़कों पर गाड़ी चलाना भी मुश्किल हो रहा है। दिन चढ़ने के साथ भी उत्तर भारत के राज्यों में कोहरे (Fog) का सितम कम होता नहीं दिख रहा है। जिसकी वजह से कई रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से कई घंटे देर से चल रही है। दिल्ली और पंजाब से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक में घने से बहुत घना कोहरा देखने को मिल रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी में विजिबिलिटी (Low Visibility) कम होने के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (IGI Delhi Airport) पर आज, 9 जनवरी 2023 की सुबह 9 बजे तक के अपडेट के मुताबिक करीब 25 उड़ानें लेट है। जबकि दिल्ली आने-जाने वाली उत्तर रेलवे (Northern Railway) की 29 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट चल रही है। बता दें कि आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे दिल्ली के सफदरजंग और पालम में 25 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सुबह 5.30 बजे पंजाब के बठिंडा, यूपी के आगरा, बरेली और लखनऊ में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में भी जीरो दृश्यता रही। इसके अलावा अमृतसर में विजिबिलिटी 25 मीटर रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रचंड ठंड और कोहरे से आज (सोमवार), 9 जनवरी को भी राहत मिलने की संभावना नहीं है। IMD ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज, 9 जनवरी 2023 के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ठंड और कोहरे की डबल मार झेल रही दिल्ली में विजिबिलिटी कम होने से जमीन से लेकर आसमान तक यातायात पर असर पड़ रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दो-तीन दिनों के भीतर मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद कम है। दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, कोलकाता समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आने-जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित दर्जनों ट्रेनें देर से चल रही है। वहीं, दिल्ली की एक फ्लाइट को डायवर्ट भी किया गया है। हालांकि, अभी तक उड़ानें रद्द होने की खबर नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here