गोविंदपुरी इलाके की वैशाली एन्क्लेव कॉलोनी में एक घर के बेसमेंट में स्थित सागर कूलर एंड सेफ इंडस्ट्रीज के गोदाम में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। हर तरफ धुएं का गुबार छाया हुआ था। आग लगने से कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। डर के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंची दमकल की 11 गाड़ियों ने लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। घटना के समय मकान की ऊपरी मंजिल पर कारोबारी का परिवार भी मौजूद था।
वैशाली एंक्लेव निवासी कारोबारी राजकुमार गुप्ता का दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सागर कूलर एंड सेफ इंडस्ट्रीज के नाम से फर्नीचर का शोरूम है। कारोबारी ने मकान के बेसमेंट में गोदाम बनाया हुआ है। गोदाम में कूलर, सेफ, सोफा सहित काफी सामान रखा था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे गोदाम से तेज धुंआ निकलते देख पड़ोसियों ने परिवार वालों को जानकारी दी। घटना के समय घर पर कारोबारी राजकुमार गुप्ता की पत्नी सुषमा तथा पुत्र वधू नेहा गुप्ता थी।
आग की सूचना मिलते ही दोनों घर से बाहर आ गईं और मामले की जानकारी कारोबारी को दी। इसी बीच मोदीनगर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ी मौके पर पहुंची। मगर आग बढ़ती गई। आग बेकाबू होती देख साहिबाबाद, वैशाली, गाजियाबाद के अलावा मेरठ से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। कारोबारी राजकुमार गुप्ता के शोरूम में तीन वर्ष में यह दूसरा अग्निकांड है। लगभग तीन वर्ष पूर्व कारोबारी के शोरूम में भीषण आग लगी थी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि गोदाम की लंबाई अधिक थी। गोदाम में आग के कारण काफी धुंआ हो गया। इसके चलते कर्मियों को गोदाम में दाखिल होने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। बराबर के एक खाली प्लाॅट की ओर से जेसीबी की मदद से गोदाम की दीवार तोड़कर दमकलकर्मियों ने रास्ता बनाया। आग के दौरान कई बार विस्फोट भी हुआ।














