Ghaziabad: सिर पर वार कर की महिला की हत्या

एसीपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0
ghaziabad

गाजियाबाद के विजयनगर इलाके के चिपियाना रेलवे फुटओवर ब्रिज के पास शुक्रवार को एक महिला का शव मिला। भारी वस्तु से वारकर महिला की हत्या की गई है। आशंका है कि शव यहां लाकर फेंक दिया। शव मिलने की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत पहुंच गई। जांच के दौरान महिला के पास से आपत्तिजनक वस्तुएं मिली हैं। महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

एसीपी कोतवाली निमिष पाटिल ने बताया कि शुक्रवार सुबह एनएच-9 के किनारे कार्बन फैक्टरी के सामने चिपियाना रेलवे फुट ओवर ब्रिज पर एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली। जांच में शव करीब 24 घंटे पुराना प्रतीत हुआ। महिला की उम्र करीब 35 साल प्रतीत हो रही है, उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला के सिर में चोट के निशान मिले हैं। साथ ही महिला के कपड़ों से कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिली हैं।

ऐसे में अंदेशा है कि या तो महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है या फिर सौदेबाजी कर महिला को लाया गया और फिर रुपये के लेनदेन में हुए विवाद में उसकी हत्या की गई। एसीपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शव कपड़े से ढका था। पुल पर लोग पैदल गुजरते हैं, ऐसे में राहगीरों की नजर से बचाने के लिए आरोपी ने शव को कपड़े से ढक दिया था। देखने में ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे कोई व्यक्ति वहां सोया है, इसी कारण किसी की उस पर नजर नहीं पड़ी।

महिला की शव मिलने पर मौके पर तीन थाने नगर कोतवाली, विजयनगर और क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने की पुलिस के साथ सिटी और ग्रामीण जोन के पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। जांच में मामला विजयनगर का निकला और विजयनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here