Haryana: ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या

गांव सौलधा निवासी राजेश उर्फ राजे पुत्र मांगेराम ने 10-12 साल से राजे उस्ताद नाम से ढाबा खोल रखा है।

0
Haryana

बहादुरगढ़ के गांव सौलधा में एक ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर दो गाड़ियों में सवार होकर ढाबा पर आए थे। वारदात के बाद सभी हमलावर कार में सवार होकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। ढाबा संचालक की कमर में एक गोली लगी है।

शव का पोस्टमार्टम आज सिविल अस्पताल में करवाया जाएगा। वारदात वीरवार रात करीब 12 बजे की है। अब तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

गांव सौलधा निवासी राजेश उर्फ राजे पुत्र मांगेराम ने 10-12 साल से राजे उस्ताद नाम से ढाबा खोल रखा है। वीरवार रात को वह ढाबे पर ही काम कर रहा था और उसका भतीजा पवन कुमार ढाबे के पीछे खेतों में पानी लगा रहा था। पवन कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे ढाबे पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वह भागकर ढाबे की तरफ आया तो तेजी से एक सफेद रंग की गाड़ी सौलधा गांव की तरफ तो दूसरी काले रंग की गाड़ी बादली की तरफ गई।

ढाबा के अंदर जाकर देखा तो उसका चाचा राजेश काउंटर के पास खून से लथपथ पड़ा था और उसकी कमर में गोली लगी हुई थी। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस व स्वजनों को दी। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों और हत्यारों का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here