कौशाम्बी: श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य पक्षकार को मिली जान से मारने की धमकी

पक्षकार आशुतोष पांडेय के मोबाइल फोन पर धमकी भरी कॉल उस वक्त आई जब वह मंगलवार की देर रात इलाहाबाद हाईकोर्ट से पैरवी कर वापस मथुरा जा रहे थे।

0

Kaushambi News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा-शाही ईदगाह विवाद के मुख्य पक्षकार आशुतोष पांडेय को पाकिस्तान से धमकी भरी कॉल आई है। धमकी देने वाले शख्स ने खुद को आतंकी संगठन का एजेंट बताते हुए धमकी दी और कहा कि ‘अगर तीन दिन में केस वापस नहीं लिया तो बम से उड़ा देंगे’। पांडेय के मुताबिक, धमकी देने वाले पाकिस्तानी ने देश विरोधी नारे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी अभद्र टिप्पणी की है।

पक्षकार आशुतोष पांडेय के मोबाइल फोन पर धमकी भरी कॉल उस वक्त आई जब वह मंगलवार की देर रात इलाहाबाद हाईकोर्ट से पैरवी कर वापस मथुरा जा रहे थे। जैसे ही वह कौशांबी जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में पहुंचे उन्हें फोन पर धमकी मिली। इसके बाद वह सीधे सैनी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। सैनी थाने में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है।

फोन पर बम से उड़ाने की धमकी

पुलिस ने धमकी देने वाले के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 507 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के मुताबिक, आशुतोष पांडेय 20 मार्च को मथुरा से केस की पैरवी के लिए प्रयागराज गए थे। प्रयागराज से मथुरा लौटते समय कौशांबी में उन्हें फोन पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरी कॉल पाकिस्तान के नंबर से आई।

धमकी देने वाला PFI संगठन का एजेंट

धमकी देने वाले ने खुद को PFI संगठन का एजेंट बताया है। उसने फोन पर देश के प्रधानमंत्री और हिंदू देवी देवताओं को भी गालियां दी है। आपको बता दें कि आशुतोष पांडेय श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट मथुरा के अध्यक्ष हैं। पांडेय ने श्री कृष्ण जन्मभूमि में वाद संख्या चार वर्ष 2023 में दाखिल किया है। इससे पहले भी उन्हें कई बार फोन पर जान से मारने की धमकी मिल चुकी हैं। उन्होंने मथुरा, प्रयागराज और फतेहपुर में एफआईआर दर्ज कराई थी।

इस मामले में सीओ सिराथु अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि बीती रात 12:10 बजे आशुतोष पांडेय द्वारा सैनी थाने में धमकी दिए जाने के संबंध में तहरीर दी गई है। मामले में केस दर्ज कर मोबाइल नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here