ED की कार्रवाई पर केजरीवाल का केंद्र सरकार पर हमला

केजरीवाल ने कहा, इन्होंने खूब जांच कर ली लेकिन कुछ भी नहीं मिला। संजय सिंह के घर से भी जांच एजेंसी को कुछ भी मिलने वाला नहीं है।

0

कथित शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) के घर पर आज ईडी के पहुंचने पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने करारा हमला बोला है। संजय सिंह पर हुई ED की कार्रवाई पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पिछले एक साल से हम देख रहे हैं कि तथाकथित शराब घोटाले का शोर कर रखा है। इस मामले में अब तक 1000 से ज्यादा छापे पड़ चुके हैं लेकिन फिर भी एक पैसे की रिकवरी नहीं हुई है। सीएम अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि यह बस घोटाले का आरोप लगाते रहते हैं। इन्होंने खूब जांच कर ली लेकिन कुछ भी नहीं मिला। संजय सिंह के घर से भी जांच एजेंसी को कुछ भी मिलने वाला नहीं है।

केंद्र सरकार पर हमलावर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनाव पास आ रहे हैं। 2024 में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। इनको लगता है कि यह लोग हार रहे हैं। संजय सिंह के घर ईडी के एक्शन को उन्होंने हारते हुए आदमी की आखिरी डेस्परेट कोशिश करार दिया। AAP नेता और दिल्ली के सीएम ने न्यूजक्लिक मामले में हुई छापेमारी का जिक्र करते हुए कहा कि कल पत्रकारों के ऊपर हुआ और आज संजय सिंह के ऊपर हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी चुनाव तक देखो शायद आपके ऊपर भी हो जाए।

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम आज सुबह आप सांसद संजय सिंह के घर पहुंची थी। जानकारी के मुताबिक कथित शराब घोटाला मामले में पूछताछ और तलाशी के लिए ईडी के अधिकारी संजय सिंह के घर पहुंचे थे। अधिकारियों ने काफी देर तक AAP नेता से पूछताछ की। घर के बाहर टहल रहे उनके पिता को भी अंदर बुला लिया गया। ईडी के इसी एक्शन को लेकर सीएम केजरीवाल केंद्र सरकार पर हमलावर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here