इंडियन प्रीमियर लीग के पूर्व प्रमुख ललित मोदी (Lalit Modi) ने घोषणा की है कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर उनकी उन टिप्पणियों के लिए यूनाइटेड किंगडम (United Kingdom) की कोर्ट में मुकदमा दायर करेंगे, जिनमें राहुल गाँधी ने उनका नाम भ्रष्टाचार और मनी लॉन्डरिंग से जोड़ा था। उन्होंने कहा कि, “मैं उन्हें (राहुल गांधी को) खुद को पूरी तरह मूर्ख साबित करता हुआ देखने के लिए उत्सुक हूं।”
ललित मोदी (Lalit Modi) द्वारा राहुल गांधी के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई करने के ऐलान से कुछ ही दिन पहले ‘मोदी सरनेम’ को लेकर की गई टिप्पणियों के लिए मानहानि के मामले में सूरत की एक अदालत ने राहुल गांधी को दोषी करार दिया था और दो साल कैद की सज़ा सुनाई थी। दरअसल, राहुल गांधी ने साल 2019 में कर्नाटक के कोलार में एक चुनावी रैली के दौरान ललित मोदी (Lalit Modi) को भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के साथ जोड़कर “सभी चोरों का सरनेम मोदी कैसे हो सकता है…?” टिप्पणी की थी।
उन्हें कोर्ट में खुद को मूर्ख साबित करता हुआ देखने के लिए उत्सुक हूं: ललित मोदी
ललित मोदी ने राहुल गांधी द्वारा उन्हें ‘इंसाफ का भगोड़ा’ कहने के आधार पर सवाल उठाते हुए कहा कि, उन्हें कभी भी किसी भी अपराध के लिए दोषी करार नहीं दिया गया है। ललित मोदी ने यह भी दावा किया कि उन्होंने ‘दुनिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन’ तैयार किया, जिसने करीब 100 अरब अमेरिकी डॉलर कमाए और ललित मोदी के परिवार ने गांधी परिवार की तुलना में भारत के लिए अधिक काम किया है। ललित मोदी ने राहुल गांधी को अपने आरोपों को साबित करने की चुनौती देते हुए कहा कि, “मैं उन्हें अदालत में खुद को पूरी तरह मूर्ख साबित करता हुआ देखने के लिए उत्सुक हूं।”
ललित मोदी ने कांग्रेस के कई नेताओं पर विदेशों में संपत्ति होने का आरोप भी लगाया और कहा कि वह उनकी संपत्तियों के पते और तस्वीरें उपलब्ध करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि, जैसे ही भारत में मानहानि के कड़े कानून पास होंगे, वह भारत लौट आएंगे। बता दे कि, IPL में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों से घिरने के बाद ललित मोदी साल 2010 से ही लंदन में बसे हुए है।














