दिल्ली में फिर ज्वेलरी शोरूम में बदमाशों ने की लूटपाट

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0
delhi

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर स्थित प्रेम विहार में मंगलवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी शोरूम में लूटपाट की। हेलमेट लगाकर आए तीन बदमाशों ने ज्वेलरी बैग में भर ली और फरार होने लगे। इस बीच, जौहरी के बेटे और उसके कर्मचारियों ने स्थिति का फायदा उठाया और एक बदमाश को पकड़ लिया। उसके दोनों दोस्त दुकान के बाहर दो बाइकें छोड़कर भाग गए।

भागते समय उन्होंने हथियार के दम पर एक बाइक लूट ली और इस पर सवार होकर भाग गए। पकड़े गए बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके कब्जे से एक पिस्टल व चार कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान नंद नगरी निवासी फैजान के रूप में हुई है। फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे करावल नगर थाना पुलिस को ज्वेलरी शोरूम में लूट की कॉल मिली थी। इसके साथ ही एक और बाइक लूट की कॉल भी मिली। पुलिस सूचना मिलने के बाद प्रेम विहार, करावल नगर स्थित जय दुर्गा ज्वेलर्स के यहां पहुंची। पुलिस को वहां पर यश बाघेल (19) और इसका पिता संतेाष बाघेल मिला। इन लोगों ने बताया कि शाम करीब 4 बजे दुकान में कर्मचारियों के अलावा कई ग्राहक मौजूद थे। इस बीच तीन बदमाश हेलमेट लगाकर घुस गए। अंदर आकर इन लोगों ने पिस्टल निकाली और बदमाशों ने दुकान में रखे जेवरात बैग में डालना शुरू कर दिए।

बदमाशों ने ग्राहकों, ज्वेलर और कर्मचारियों को गोली मारने की धमकी दी। फरार होते समय एक बदमाश को ज्वेलर के बेटे व कर्मचारियों ने मिलकर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी फैजान के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। अक्तूबर माह के पहले सप्ताह में ही वह जेल से बाहर आया था। पुलिस ने उससे पूछताछ कर उसके दोनों फरार साथियों की पहचान कर ली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here