G-20 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए मोहम्मद बिन सलमान राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात

0
G-20 summit

G-20 शिखर सम्मेलन में भारत आए सऊदी अरब के युवराज (वली अहद) मोहम्मद बिन सलमान पीएम नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। जी-20 के बाद भी वह एक दिन भारत में ही रुकेंगे। सऊदी अरब के प्रिंस तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर शनिवार को यहां पहुंचे हैं। अपने भारत प्रवास के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान रणनीतिक साझेदारी परिषद की नेतृत्व स्तर की पहली बैठक की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। मोहम्मद बिन सलमान सऊदी अरब के प्रधानमंत्री भी हैं।

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि राजकीय यात्रा के लिए सोमवार को भी मोहम्मद बिन सलमान का भारत प्रवास होगा। मोहम्मद बिन सलमान के आगमन पर हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका स्वागत किया था। इससे पहले वह फरवरी, 2019 में राजकीय यात्रा पर भारत आए थे और यह उनकी दूसरी राजकीय यात्रा है। उनके साथ मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आये है। यह यात्रा अक्टूबर, 2019 में प्रधानमंत्री मोदी की सऊदी अरब यात्रा के बाद हुई है। प्रधानमंत्री मोदी की उस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने एक द्विपक्षीय तंत्र ‘रणनीतिक साझेदारी परिषद’ की स्थापना की थी।

सऊदी अरब के प्रिंस सलमान 11 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे और दोनों नेता रणनीतिक साझेदारी परिषद की नेतृत्व स्तर की पहली बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। वे रणनीतिक साझेदारी परिषद की दो मंत्रिस्तरीय समितियों यानी राजनीतिक, सुरक्षा, सामाजिक और सांस्कृतिक सहयोग समिति तथा अर्थव्यवस्था और निवेश सहयोग समिति के तहत हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोहम्मद बिन सलमान राजनीतिक, सुरक्षा, रक्षा, व्यापार और आर्थिक, सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के संबंधों सहित द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here