Rahul Gandhi की जमानत 13 अप्रैल तक बढ़ी

मोदी सरनेम वाली अपनी 2019 की टिप्पणी को लेकर मानहानि के एक मामले में निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अपील दायर करने के लिए सोमवार को सूरत पहुंचे।

0
29

मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की जमानत 13 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। वहीं सजा की चुनौती पर सुनवाई 3 मई को होगी। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ सूरत के जिला एवं सत्र न्यायालय पहुंचे। मोदी सरनेम वाली अपनी 2019 की टिप्पणी को लेकर मानहानि के एक मामले में निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अपील दायर करने के लिए सोमवार को सूरत पहुंचे।

इस दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी थीं। पिछले महीने सूरत की एक अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके भाषण के लिए दोषी ठहराया था और दो साल की सजा सुनाई थी। इसी सजा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता चली गई थी।

इससे पहले राहुल गांधी के साथ एकजुटता दिखाने के लिए सूरत जा रहे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया गया। कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट (Balasaheb Thorat) ने आरोप लगाते हुए कहा कि, महाराष्ट्र समेत पूरे भारत से कांग्रेसी सूरत जा रहे थे लेकिन गुजरात पुलिस उन्हें आगे नहीं बढ़ने दे रही है।

बालासाहब थोराट ने कहा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को ले जाने वाली गाड़ियों को नवसारी में हाईवे पर रोक दिया गया है, वे पुलिस की कड़ी निगरानी में हैं ताकि कोई भी सूरत में उतरकर राहुल गांधी को ज्वॉइन न कर सके। यह लोकतंत्र को कुचलने के अलावा और कुछ नहीं है। पूरे महाराष्ट्र से लगभग 10,000 कांग्रेस कार्यकर्ता, विशेष रूप से नासिक, अहमदनगर, धुले, नंदुरबार, पुणे, मुंबई और अन्य जिलों से गांधी को उनकी कानूनी राजनीतिक लड़ाई में समर्थन देने के लिए सुबह से ही सूरत पहुंच गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here